कूपर रोड पर औचक निरीक्षण, गंदगी फैलाने व सिंगल यूज़ प्लास्टिक उपयोग पर चालान

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 14 दिसंबर 2025: नगर निगम अमृतसर के आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देशों के तहत आज दिनांक 14 दिसंबर 2025 को अतिरिक्त आयुक्त श्री सुरिंदर सिंह द्वारा कूपर रोड क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जियानी टी स्टॉल, बेकवेल बेकरी, बब्बी दा ढाबा आदि के आसपास भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा पाया गया। इस पर अतिरिक्त आयुक्त ने साथ मौजूद सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर गंदगी फैलाने एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले सभी दुकानदारों के तुरंत चालान किए जाएं। इसके परिणामस्वरूप कई चालान जारी किए गए तथा सभी उल्लंघनकर्ताओं को नियमानुसार दंडित किया जाएगा।
अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि कूपर रोड आम जनता का प्रमुख भ्रमण स्थल है और दुकानदारों द्वारा सड़क पर गंदगी फैलाने से क्षेत्र की छवि खराब होती है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों को अपने-अपने वार्डों में नियमित जांच करने, लोगों को सड़क पर कचरा न फेंकने एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक करने तथा नगर निगम के निर्देशों का उल्लंघन करने पर चालान जारी करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त आयुक्त ने सभी दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी वालों एवं विक्रेताओं को सख्त संदेश देते हुए कहा कि सड़क पर गंदगी फैलाने एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचें। साथ ही उन्होंने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को भी चेतावनी दी कि गंदगी फैलाने वालों के अधिक से अधिक चालान किए जाएं, अन्यथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में गंदगी फैलाने एवं अन्य उल्लंघनों के विरुद्ध लगभग 2000 चालान जारी किए जा चुके हैं।
इस निरीक्षण के दौरान सीएसओ श्री मलकियत सिंह, एसआई श्री अमनदीप सिंह, श्री अमरिक सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …