श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहले प्रकाश पर्व पर सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में बड़ी संख्या में संगत ने भरी हाजिरी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 12 सितंबर 2026 : श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहले प्रकाश दिवस के अवसर पर सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब और गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब में बड़ी संख्या में संगत ने नतमस्तक होकर गुरबाणी कीर्तन और गुरमति समागमों में हाजिरी भरी तथा गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों के नेतृत्व में पुरातन सिख परंपरा के अनुसार नगर कीर्तन सजाया गया, जो सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन की रवानगी के समय सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह ने पांच प्यारों, निशानची और नगाड़ची सिंहों को सिरोपे देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ज्ञानी अमरजीत सिंह ने संगत से कथा-विचार साझा करते हुए कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन बाणी सिख जीवन का आधार है। प्रत्येक सिख का कर्तव्य है कि वह गुरबाणी में दर्शाए मार्ग पर चलते हुए जीवन व्यतीत करे। उन्होंने संगत को पहले प्रकाश पर्व की बधाई दी।
एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भी संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए गुरमति रहणी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पांचवें पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी ने आदि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का संपादन करवाकर संगत को गुरबाणी से जोड़ा। गुरबाणी मानवता को जीवन का सही मार्ग दिखाती है।
नगर कीर्तन के दौरान सिख युवाओं ने गतका प्रदर्शन किया, जबकि शबदी जत्थों ने शब्द गायन कर श्रद्धा व्यक्त की। रास्ते में श्रद्धालुओं की ओर से विभिन्न प्रकार के लंगर भी लगाए गए।

श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब में सजाए जलौ
पहले प्रकाश दिवस के अवसर पर सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब में जलौ सजाए गए। श्री हरिमंदिर साहिब में रंग-बिरंगे फूलों की सजावट संगत के आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा श्री हरिमंदिर साहिब और गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों को दीपमाला से सजाया गया। प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में आयोजित गुरमति समागम में रागी, ढाडी और कविशरी जत्थों ने संगत को गुरु यश से जोड़ा।

Check Also

‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस का दो दिवसीय घेराबंदी एवं तलाशी अभियान

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 12 सितंबर 2026 : ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत …