
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 23 दिसंबर 2025: जिला बाल सुरक्षा अधिकारी की अगुवाई में टास्क फोर्स टीम द्वारा अमृतसर के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्कूल बसों की जांच की गई। जिले में चलाए गए तीन दिवसीय अभियान के तहत कुल 9 स्कूलों की 50 बसों की जांच की गई, जिनमें से 1 बस को इम्पाउंड किया गया और 1 बस का चालान किया गया।
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी तरनजीत सिंह ने बताया कि सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी को लागू करने के लिए शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के सहयोग से स्कूली बच्चों की सुरक्षा हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जो भविष्य में भी जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस ड्राइवरों, आवश्यक उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य सुविधाओं की जांच की गई।
सर्दियों और धुंध के कारण सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए स्कूली वाहनों पर फॉग लाइट्स और रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, चंडीगढ़ के निदेशक द्वारा भी राज्य में बढ़ती सर्दी और धुंध के मौसम के दौरान स्कूल वाहनों के सुरक्षित संचालन के लिए सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी को सख्ती से लागू करने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। सरकारी निर्देशों की पूरी तरह से पालना की जा रही है।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र