नशे की रोकथाम के लिए डिप्टी कमिश्नर ने बेआबाद और अनुपयोगी स्थानों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 24 दिसंबर 2025: डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने आज नगर निगम/काउंसिलों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली ऐसी बेआबाद और अनुपयोगी जगहों, जिनका नशे के आदी व्यक्तियों द्वारा नशा सेवन के लिए दुरुपयोग किया जा सकता है, का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यहां जिला प्रशासकीय परिसर में नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकोर्ड) मैकेनिज्म संबंधी बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि ऐसी जगहों पर सफाई, लाइटों का प्रबंध, चारदीवारी आदि करने के अलावा इन्हें पार्क, खेल मैदान, जिम, रनिंग ट्रैक आदि में बदलने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं ताकि लोगों विशेषकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने गांवों में भी इसी तरह पंचायतों और नंबरदारों की मदद से ऐसे क्षेत्रों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाने को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डा. अग्रवाल ने पुलिस विभाग को ऐसी जगहों पर अधिक सतर्कता बरतने की हिदायत भी दी।
विभिन्न विभागों द्वारा नशों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का जायजा लेते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर नशे के विरुद्ध और अधिक प्रभावी ढंग से कदम उठाए जाएं। उन्होंने नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ लगातार जागरूकता फैलाने पर जोर दिया ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस विभाग द्वारा नशे की सप्लाई लाइन तोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत नशे के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ी हुई है। उन्होंने नशे के आदी व्यक्तियों को समाज से फिर जोड़ने और जागरूकता प्रयासों को और प्रभावशाली बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को पूर्ण तालमेल और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …