कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 25 दिसंबर 2025: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की बहाली की लड़ाई को राज्य के हर घर और हर कोने तक लेकर जाएगी। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी पंजाब की ‘आप’ सरकार को भाजपा की तानाशाही के पीछे अपनी नाकामियों को छिपाने की इजाजत नहीं देगी।
इस अवसर पर पार्टी द्वारा लोगों को लामबंद करने से संबंधित कार्यक्रम का हवाला देते हुए, वड़िंग ने राज्य की ‘आप’ सरकार को अपने कार्यकाल के पिछले चार वर्षों में मनरेगा के तहत उपलब्ध कराए गए काम के दिनों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि ‘आप’ बुरी तरह असफल रही है, क्योंकि वह मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराने के 50 प्रतिशत लक्ष्य को भी पूरा नहीं कर पाई है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगर ‘आप’ यह मानती है कि वह मनरेगा को खत्म करने की भाजपा की तानाशाही के पीछे छिप सकती है, तो यह उसकी बहुत बड़ी भूल है। हम ‘आप’ को भी उतना ही बेनकाब करेंगे, जितना हम भाजपा का पर्दाफाश करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का उद्देश्य ग्रामीण भूमिहीन लोगों को रोजगार के अवसर से वंचित करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश की सड़कों और गलियों में उतरकर भी मनरेगा पर ‘आप’ के रिपोर्ट कार्ड की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि ‘आप’ खुद को भाजपा से बेहतर पार्टी के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है, लेकिन हम इसे सदन के भीतर और बाहर बेनकाब करेंगे और साबित करेंगे कि ये दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि हकीकत में ‘आप’ सरकार का मनरेगा पर रिकॉर्ड, अन्य सभी कल्याणकारी योजनाओं की तरह ही बेहद निराशाजनक रहा है।
Check Also
निरंकारी सत्संग भवन खानकोट में मानव एकता दिवस के रूप में विशाल सत्संग समारोह व रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न रक्तदान प्रक्रिया में 470 यूनिट रक्त एकत्रित कल्याण …
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
