गाय जरूरतमंद परिवारों के लिए बनेगी रोजगार का साधन: धालीवाल
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हर व्यक्ति का धन्यवाद: निज्जर
रेड क्रॉस जरूरतमंद परिवारों के लिए अपने प्रयास निरंतर जारी रखेगा: डिप्टी कमिश्नर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 27 दिसंबर 2025: अजनाला क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के दौरान पशुधन के नुकसान से प्रभावित किसानों/पशुपालकों को राहत प्रदान करने के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने मिशन चढ़दी कला और मिशन सांझा उपराला के तहत कार्य करते हुए राकेश हांडा के सहयोग से 23 और ऐसे पशुपालकों को साहीवाल नस्ल की गायें उपलब्ध करवाईं, जिनके पशु बाढ़ की भेंट चढ़ गए थे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी 16 परिवारों को गायें प्रदान की जा चुकी हैं।
इस अवसर पर हलका विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंजाब सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर रोहित गुप्ता, राकेश हांडा, जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव सैमसन मसीह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राकेश हांडा की भागीदारी से 23 प्रभावित किसानों/पशुपालकों को गायों की नस्लों में सर्वोत्तम मानी जाने वाली साहीवाल नस्ल की गायें भेंट की गईं। ये गायें राकेश हांडा, उनके देश-विदेश में बसे पारिवारिक सदस्यों और मित्रों द्वारा दान की गई हैं।
गाय दान कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं पूर्व मंत्री सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने महंगी एवं उच्च नस्ल की गायें दान करने के लिए श्री राकेश हांडा एवं उनके सहयोगी परिवारों का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गाय दान को सबसे श्रेष्ठ, संतोषजनक, पवित्र और शुभ दान माना जाता है, साथ ही ये गायें जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार का साधन भी बनेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि गाय, जिसे ‘गौ माता’ के रूप में भी सम्मान दिया जाता है, की सेवा से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने अजनाला क्षेत्र सहित पूरे पंजाब में मिशन रंगला पंजाब चढ़दी कला के तहत देश-विदेश से समाजसेवियों, धार्मिक संस्थाओं, कर्मचारियों और निजी दानदाताओं द्वारा बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने घरों के पुनर्निर्माण, लंगर, पीने के पानी, कृषि भूमि को खेती योग्य बनाने, विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, बैग, बाढ़ पीड़ितों को चारपाई, बिस्तर, कंबल, दवाइयां तथा कार सेवा करने वाले बाबाओं द्वारा टूटे हुए तटबंधों की मरम्मत के लिए की जा रही सेवाओं को नमन किया।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि रेड क्रॉस भविष्य में भी जरूरतमंद परिवारों के लिए सहायता जारी रखेगा।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र