
कल्याण केसरी न्यूज़, जंडियाला गुरु, 04 जनवरी 2026: विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु की ग्राम पंचायत धरदिउ में 36 लाख 82 हजार रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह खेल मैदान मान सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को सही दिशा और स्वस्थ जीवनशैली की ओर ले जाना, खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तरीय अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर गांव में एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह आपकी अपनी सरकार है, इसी कारण राज्य के खजाने का मुंह आपके लिए खोला गया है। उन्होंने कहा कि आपने पिछली सरकारों का शासन भी देखा है, जिन्होंने गांवों और गांवों के स्कूलों की सुध तक नहीं ली, जबकि आज आपकी बनाई हुई आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब का एक-एक पैसा जनता पर खर्च कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की इच्छा पंजाब को “रंगला पंजाब” बनाने की है और चूंकि पंजाब गांवों का प्रदेश है, इसलिए हमारी कोशिश है कि गांवों में आज के समय की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि गांवों में गंदे पानी की निकासी, खेल मैदानों का विकास, कूड़ा प्रबंधन और बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाएं प्रदान करना आज सरकार की प्राथमिकताएं हैं। सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है और आने वाले वर्षों में भी खजाने का मुंह जनता के लिए खुला रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो ताकत दी है, उसका उपयोग वह जनता के हित में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें विधायक बनाया और जिनकी बदौलत पार्टी ने उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर जंडियाला गुरु क्षेत्र का मान बढ़ाया है, उनके कर्ज को वह कभी नहीं उतार सकते।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र