कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 17 जनवरी 2026: दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान आप विधायक आतिशी मारलेना द्वारा गुरु साहिबान के खिलाफ इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा वाले वीडियो की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया है कि आतिशी ने गुरु साहिब के लिए अपमानजनक शब्द बोले थे। जब पंजाब सरकार के पास असली/ मूल वीडियो ही मौजूद नहीं है, तो वह यह दावा कैसे कर सकती है कि वीडियो फर्जी है। यह सवाल भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पर निशाना साधते हुए उठाया।
अश्वनी शर्मा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मान और उनके कैबिनेट मंत्री, गुरु साहिब के लिए अपमानजनक शब्द बोलने वाली नेता आतिशी को बचाकर स्वयं गुरुओं की बेअदबी के भागीदार बन रहे हैं।
शर्मा ने बताया कि जिस दिल्ली विधानसभा के पास इस मामले का मूल / असली वीडियो मौजूद था, उसी विधानसभा में विपक्ष की मांग पर सर्वसम्मति से इस वीडियो की फॉरेंसिक जांच करवाई गई और जांच में यह साबित हो गया कि वीडियो से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि सच्चाई सामने आने के बावजूद मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके कैबिनेट मंत्री आतिशी का बचाव कर रहे हैं, जिससे सिखों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
उन्होंने कहा कि आतिशी को बचाकर आम आदमी पार्टी के नेता स्वयं गुरु साहिब जी की बेअदबी के पाप में भागीदार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों पर आम आदमी पार्टी दोहरा मापदंड अपना रही है, जिसे पंजाब की संगत कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
अश्वनी शर्मा ने मांग की कि आतिशी अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और पंजाब सरकार इस मामले पर अपना स्पष्ट रुख सामने लाए।
Check Also
निरंकारी सत्संग भवन खानकोट में मानव एकता दिवस के रूप में विशाल सत्संग समारोह व रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न रक्तदान प्रक्रिया में 470 यूनिट रक्त एकत्रित कल्याण …
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
