दिनेश बस्सी की ओर से मुद्दा उठाने के बाद जागा प्रशासन, वल्ला पुल पर शुरू हुआ सफाई अभियान

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 28 जनवरी 2026: इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश बस्सी की ओर से मुद्दा उठाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और आज वल्ला पुल पर जेसीबी मशीन भेजकर सफाई कार्य शुरू कर दिया गया। यह कदम क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
दिनेश बस्सी ने बताया कि वल्ला पुल का काम लंबे समय से लटका हुआ था, जिसके कारण इलाके में रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। पुल के आसपास फैली गंदगी, कीचड़ और गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा था। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा आने वाले दिनों में वल्ला में लगने वाले मेले को देखते हुए हालात और भी गंभीर हो गए थे।
इन हालातों को देखते हुए कल दिनेश बस्सी अपने साथी काउंसलरों के साथ मौके पर पहुंचे थे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ही प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द पुल से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और जनता को जाम, गंदगी व दुर्घटनाओं से राहत नहीं मिली तो कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
दिनेश बस्सी की इस सख्त चेतावनी के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आज तुरंत कार्रवाई की। वल्ला पुल पर जेसीबी मशीन लगाकर सफाई कार्य शुरू किया गया, जिससे रास्ते को अस्थायी रूप से सुचारु करने की कोशिश की जा रही है। दिनेश बस्सी ने कहा कि प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया है कि मेला समाप्त होने के तुरंत बाद पुल निर्माण का कार्य हर हाल में शुरू किया जाएगा, ताकि लोगों को स्थायी समाधान मिल सके।
दिनेश बस्सी ने कहा कि प्रशासन ने बेशक काम शुरु करवा दिया है लेकिन वह कहना चाहते हैं कि अब इस काम को पूरा करवाया जाए ताकि उन्हें दुबारा से संघर्ष ना करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द पुल का काम भी पूरा करवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …