विधायक सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा हलका जंडियाला गुरु में बनाए गए स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 29 जनवरी 2026: कैबिनेट मंत्री एवं हलके के विधायक सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के मुफ्त एवं कैशलेस इलाज कार्ड बनाने की प्रक्रिया की शुरुआत की। इनमें फतेहपुर राजपूतां, तारागढ़, कोटला बथूनगढ़, महिसमपुर कलां और महिता चौक गांवों के सीएससी सेंटर शामिल हैं।
सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने विभागीय कर्मचारियों के साथ मिलकर लोगों के कार्ड बनाए। इस अवसर पर बात करते हुए मंत्री ने बताया, “इन सीएससी सेंटरों में कार्ड बनवाने के लिए किसी भी प्रकार की कोई पंजीकरण फीस नहीं ली जा रही है। पूरे परिवार के सदस्य एक साथ आकर अपने आधार कार्ड और वोटर कार्ड के माध्यम से यह कार्ड बनवा सकते हैं।”
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के लोग जो इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें अपना आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। वहीं 18 वर्ष से कम आयु के लोगों के लिए आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। इस कार्ड की सहायता से हृदय रोग, कैंसर, किडनी और लीवर की बीमारियों, गंभीर दुर्घटनाओं में लगी चोटों, बड़ी सर्जरी तथा लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने से संबंधित खर्च शामिल हैं। इससे किसी भी जाति या परिवार के मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसके तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों के माध्यम से प्रदेश भर के परिवारों को मुफ्त एवं कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक के इलाज से संबंधित सभी खर्च सीधे अस्पतालों और बीमा एजेंसी के बीच निपटाए जाएंगे, जिससे मरीजों को अपनी जेब से कोई भी राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …