स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को जिला प्रशासन ने जलियांवाला बाग में दी श्रद्धांजलि


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 30 जनवरी 2026: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस के अवसर पर आज जलियांवाला बाग में महात्मा गांधी जी की फोटो तथा शहीदों के स्मारक पर देश और कौम के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद में प्रातः 11 बजे सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस जवानों एवं आम जनता द्वारा दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस जवानों द्वारा बिगुल बजाया गया तथा दो मिनट का मौन धारण किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि शहीदों की बदौलत ही हम आज़ादी की सुखद अनुभूति कर रहे हैं। शहीद किसी भी देश और कौम की अमूल्य धरोहर होते हैं तथा वे हमारी नई पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महात्मा गांधी जी द्वारा दिखाए गए मार्ग से प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि हमें अपनी आज़ादी को बनाए रखने के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से प्रयास करने चाहिए, ताकि हमारा देश दिन-दुगनी और रात-चौगुनी प्रगति करता रहे और विश्व के मानचित्र पर एक समृद्ध राष्ट्र के रूप में पहचाना जाए। उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान अवश्य देना चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि शहीद हमारे देश की अमूल्य धरोहर हैं।
उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता और पूरे देश को महान शहीदों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि आज यदि हम एक स्वतंत्र देश की फिज़ा में सांस ले रहे हैं, तो यह महान शहीदों के बलिदानों के कारण ही संभव हो पाया है। इस अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति की धुन बजाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सुपरिंटेंडेंट श्री अशनील कुमार, नाज़िर सुखविंदर सिंह, श्री ज्ञान कुमार, श्री सन्नी कुमार, मैडम माला चावला, सहायक लोक संपर्क अधिकारी श्री योगेश कुमार, दुर्गियाना मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक डॉ. राकेश शर्मा के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं पर्यटक उपस्थित थे। अन्य अधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी जी की फोटो पर फूल मालाएं भी अर्पित की गईं। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में कार्यरत बड़ी संख्या में कर्मचारी भी उपस्थित थे।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …