सफाई, मिलावटी खाद्य पदार्थों, यातायात, अवैध अतिक्रमण और विकास परियोजनाओं पर विशेष जोर
चल रही विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 10 सितंबर 2026: लोकसभा सदस्य एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष श्री गुरजीत सिंह औजला की अध्यक्षता में आज जिला प्रशासनिक परिसर में दिशा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान केंद्र एवं पंजाब सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती पल्लवी मिश्रा, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त श्री जय इंदर सिंह, एस.डी.एम. अमृतसर श्री गुरमंदर सिंह, एस.डी.एम. लोपोके श्री मनमीत सिंह, डी.सी.पी. श्री जसकिरणजीत सिंह तेजा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करने के साथ-साथ लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि श्री गुरु रामदास जी की पवित्र नगरी अमृतसर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। इसलिए शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को घर-घर से कूड़ा एकत्र करने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने तथा शहर से प्रतिदिन कूड़ा उठाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में झुग्गी-झोपड़ियों की आड़ में किए गए अवैध अतिक्रमणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
लोकसभा सदस्य ने मिलावटी दूध, पनीर, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को विशेष जांच अभियान चलाने तथा सैंपलिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी कीमत पर मिलावटखोरी को बर्दाश्त न किया जाए।
बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। श्री औजला ने पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने पी.डब्ल्यू.डी. एवं संबंधित विभागों को प्रमुख चौराहों एवं सड़कों पर आवश्यक दिशा-सूचक तथा चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।
श्री औजला ने न्यू अमृतसर, वल्ला बाईपास पुल सहित शहर एवं जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को भी अपने अधीन चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में तुंग ढाब ड्रेन, कचरा प्रबंधन, अवैध अतिक्रमण, यातायात जाम, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड, मजीठा रोड, लोहारका रोड, रिंग रोड, एलिवेटेड रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं तथा बाढ़ रोकथाम संबंधी प्रबंधों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्ष द्वारा पीएम श्री के अंतर्गत स्कूलों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्ष आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में स्थित सरकारी स्कूलों के विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
मानसून के मद्देनजर संबंधित विभागों को नालों एवं ड्रेनों की सफाई, पानी की उचित निकासी तथा बाढ़ रोकथाम के प्रभावी प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सर्व शिक्षा अभियान एवं मिड-डे मील सहित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह ने श्री गुरजीत सिंह औजला को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा लोगों को सरकारी सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि माननीय अध्यक्ष द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा इस संबंध में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र