स्कूल ऑफ़ एमिनेंस फॉर गर्ल्स, मॉल रोड में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 31 जनवरी 2026: ज़िले के स्कूल ऑफ़ एमिनेंस फॉर गर्ल्स, मॉल रोड में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खेलों एवं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ., कैबिनेट मंत्री पंजाब उपस्थित रहे। उनके साथ श्रीमती सुहिंदर कौर, विशेष अतिथि श्री करमजीत सिंह रिंटू (चेयरमैन, अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट), श्री गुरप्रीत कटारिया (स्कूल एस.एम.सी. चेयरमैन), श्री राजेश कुमार शर्मा (जिला शिक्षा अधिकारी, सै.शि.), श्री राजेश खन्ना (उप जिला शिक्षा अधिकारी, सै.शि.), श्री कंवलजीत सिंह संधू (जिला शिक्षा अधिकारी, ए.शि.), श्री आशु विशाल (जिला स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर), श्रीमती डॉली भाटिया (काउंसलर प्रतिनिधि) एवं स्कूल एस.एम.सी. सदस्य उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि वे अत्यंत प्रतिभाशाली हैं और मेहनत, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प व समर्पण की भावना के साथ देश-विदेश में अपना नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही प्रगति संभव है तथा स्कूल ऑफ़ एमिनेंस बनने के बाद परिणाम पहले से कहीं बेहतर हुए हैं। उन्होंने स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती मनदीप कौर एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए स्कूल को हर दृष्टि से और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के स्पोर्ट्स हॉल के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया।
इस मौके पर चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों में सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की हैं, जिनका सही उपयोग कर छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रही हैं और शिक्षा क्रांति ला रही हैं।
स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती मनदीप कौर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल की उपलब्धियों की रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि छात्राएं शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्रों में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रही हैं तथा समाज में कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता भी फैला रही हैं।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय जिमनास्ट हरमनजीत कौर, राष्ट्रीय जिमनास्ट खिलाड़ी, विभिन्न खेलों की विजेता टीमों सहित कुल 106 राज्य स्तरीय एवं 5 राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली बारहवीं कक्षा की 42 एवं दसवीं कक्षा की 5 छात्राओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्राओं द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। मंच संचालन श्रीमती कवलिंदर कौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में स्कूल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …