
कल्याण केसरी न्यूज़, अजनाला, 1 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री पंजाब द्वारा 19 जनवरी को भारत–पाकिस्तान सीमा से सटे इस सीमावर्ती क्षेत्र के गांव बिक्राऊर में 15 करोड़ रुपये की लागत से ब्रह्म ज्ञान बाबा गम चुक्क जी की स्मृति में सरकारी डिग्री/वोकेशनल ट्रेनिंग कॉलेज बिक्राऊर की आधारशिला वर्चुअल माध्यम से रखी गई थी। आज उसी कॉलेज की आधारशिला जिले के विभिन्न धार्मिक नेताओं द्वारा भौतिक रूप से रखी गई।
इस अवसर पर विभिन्न धर्मों के प्रमुख नेताओं—मौलाना हामिद हुसैन (इमाम, जामा मस्जिद अमृतसर), गुरुद्वारा साहिब बिक्राऊर के ग्रंथी भाई सुखवंत सिंह एवं भाई हरभजन सिंह, पंडित सत्य प्रकाश जी अजनाला तथा फादर अनीश जी—की उपस्थिति में भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई और निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई गई।
विधायक सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि अजनाला और अमृतसर से दूर इस क्षेत्र में रहने वाली राअ सिख बिरादरी, जो कि बहुत मेहनती लोग हैं, के बच्चे इस कॉलेज के निर्माण से शिक्षा प्राप्त कर दुनिया की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने बताया कि 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कॉलेज का निर्माण कार्य आज से शुरू हो गया है।
उन्होंने विशेष रूप से बिक्राऊर पंचायत का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस कॉलेज के निर्माण के लिए 15 एकड़ भूमि बिल्कुल निःशुल्क सरकार को प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के खुलने से क्षेत्र के बच्चों की किस्मत बदलेगी और हमारे बच्चे उज्ज्वल भविष्य की राह पर आगे बढ़ेंगे।
इस अवसर पर गांव बिक्राऊर के सरपंच लखबीर सिंह लखा, समस्त पंचायत सदस्य, क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंच व पंच साहिबान तथा आम आदमी पार्टी के नेता भी उपस्थित थे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र