स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाकर बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 4 फरवरी 2026: पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत सामाजिक सुरक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब द्वारा जिला प्रशासन अमृतसर के सहयोग से ‘हमारे बुजुर्ग, हमारा मान’ अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की भलाई के लिए एक विशेष कैंप 7 फरवरी 2026 को सुबह 10:00 बजे जगदीश सदन हॉल, डलियाना मंदिर, जंडियाला गुरु में लगाया जाएगा।
‘हमारे बुजुर्ग, हमारा मान’ अभियान के तहत लगने वाले इस विशेष कैंप की तैयारियों को लेकर आज एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्री अमनप्रीत सिंह गिल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एस.डी.एम. श्री गिल ने बताया कि 7 फरवरी को लगने वाले इस कैंप में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैंप लगाकर बुजुर्गों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसमें आंखों की जांच, नाक की जांच, कानों की जांच, गले की जांच, हड्डियों से संबंधित समस्याओं की जांच, फिजियोथेरेपी, छाती से संबंधित रोगों की जांच, रक्त एवं शुगर की जांच की जाएगी तथा इसके उपरांत निःशुल्क दवाइयां प्रदान की जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगशाला के योग विशेषज्ञों द्वारा बुजुर्गों को स्वस्थ रहने के लिए विभिन्न योग आसनों की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, पुरुष बुजुर्ग जिनकी आयु 65 वर्ष तथा महिला बुजुर्ग जिनकी आयु 58 वर्ष पूरी हो चुकी है, और जिन पति-पत्नी की संयुक्त भूमि सीमा ढाई एकड़ नहरी अथवा 5 एकड़ बरानी भूमि है, ऐसे पात्र बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था पेंशन हेतु ऑनलाइन आवेदन भी करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कैंप के दौरान जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष स्टॉल लगाकर बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा यदि किसी बुजुर्ग को कानूनी सहायता की आवश्यकता होगी, तो वह भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा अन्य विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाकर बुजुर्गों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्री अमनप्रीत सिंह गिल ने जिला अमृतसर के निवासियों से अपील की है कि वे अपने बुजुर्गों को इस कैंप में लेकर आएं और सरकार द्वारा बुजुर्गों की भलाई के लिए चलाई जा रही योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन अपने बुजुर्गों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
