
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 फरवरी 2026: पंजाब राज्य बाल कल्याण आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती गुनजीत रुचि बावा ने आज अमृतसर में ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट, बीबी भानी कन्या नेत्रहीन विद्यालय, सेंट्रल खालसा अनाथालय, कम्युनिटी होम फॉर मेंटली रिटार्डेड (गर्ल्स), इंस्टीट्यूट फॉर ब्लाइंड, स्टेट आफ्टर केयर होम एवं स्पेशल होम का दौरा किया। उन्होंने इन संस्थाओं की कार्यप्रणाली और बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
सबसे पहले उन्होंने ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट का दौरा किया और स्व. भगत पूर्ण सिंह जी द्वारा किए गए मानव सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिंगलवाड़ा वास्तव में मानवता की सेवा के लिए समर्पित संस्था है।
इसके उपरांत उन्होंने अन्य संस्थाओं का दौरा कर प्रबंधकों से बातचीत की और कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य बाल कल्याण आयोग बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति में आयोग से संपर्क किया जा सकता है।
बाद में उन्होंने उपायुक्त अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह के साथ बैठक की। इस अवसर पर श्री एम.के. शर्मा, सदस्य बाल कल्याण समिति, तरनजीत सिंह, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र