
कल्याण केसरी न्यूज़, अजनाला/अमृतसर, 6 फरवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान गांवों में विकास की नई मिसालें कायम की हैं। यह विचार विधानसभा क्षेत्र अजनाला के विधायक श्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज अपने क्षेत्र के आठ गांवों—बिकरौर, बरलास, हाशमपुरा, सैदपुर खुर्द, शालीवाल, शेख भट्टी, सैदोगाजी और पंजग्राईं निज्जरां—की सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को 5-5 लाख रुपये के चेक वितरित करते हुए व्यक्त किए।
इस अवसर पर विधायक श्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के लोगों से वादा किया था कि सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को 5-5 लाख रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मान सरकार ने अपना वादा पूरा करते हुए विधानसभा क्षेत्र अजनाला के लगभग 46 गांवों को 2 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि इन गांवों के निवासियों ने सर्वसम्मति से अपनी पंचायतों का चयन किया था, जिसके तहत राज्य सरकार द्वारा उन्हें 5-5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
श्री धालीवाल ने कहा कि यह राशि पंचायतें अपनी आवश्यकता के अनुसार गांवों के विकास कार्यों पर खर्च कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह राशि गांवों के विकास कार्यों में काफी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि मान सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘विकास वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी और अनुदान दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों के दौरान राज्यवासियों से की गई सभी गारंटियों को सरकार पूरा कर रही है और हम जनता की अदालत में विकास के नाम पर ही वोट मांगेंगे।
विधायक श्री धालीवाल ने कहा कि पिछली सरकारें केवल खोखले वादे करती थीं, जबकि हमने जमीनी स्तर पर जाकर वास्तविक कार्य किए हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य है जहां मुफ्त शिक्षा, मुफ्त बिजली, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं और मुफ्त यात्रा जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों ने 5-5 लाख रुपये की विशेष ग्रांट देने पर मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और अजनाला के विधायक श्री कुलदीप सिंह धालीवाल का धन्यवाद किया।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र