डिप्टी कमिश्नर द्वारा अधिकारियों को क्लासों के लिए आवश्यक साजो-सामान सहित अन्य प्रबंध करने के निर्देश
कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 6 फरवरी 2026: पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरूद्ध’ मुहिम के तहत युवाओं को रचनात्मक और सृजनात्मक गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित करने तथा विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एक और अनूठी पहल करते हुए विरसा विहार, जालंधर में संगीत, डांस और थिएटर क्लासें शुरू करने जा रहा है।
डिप्टी कमिश्नर डा. हिमाशु अग्रवाल ने आज अधिकारियों को 1 मार्च से संगीत, डांस और थिएटर क्लासें शुरू करने के लिए पूर्ण सक्रियता के साथ तैयारियां तथा आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में जिला कल्चरल एंड लिटरेरी सोसाइटी की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जालंधर कला और संस्कृति का केंद्र रहा है, जिसे और प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। सोसाइटी के सदस्यों ने भी प्रशासन द्वारा की जा रही इस पहल पर सहमति व्यक्त की।
डा.अग्रवाल ने अधिकारियों को हिदायत की कि इन क्लासों के लिए नियमित अनुभवी और विशेषज्ञ इंस्ट्रक्टरों की तैनाती की जाए ताकि छात्रों को उच्च स्तर की शिक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि क्लासें सुबह और शाम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलाई जाएं, जिससे युवाओं को अपनी सुविधा अनुसार भाग लेने का अवसर मिल सकेगा।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्लासों के लिए आवश्यक संगीतमय बाज, उपकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का प्रबंध पहले ही पूरा कर लिया जाए ताकि क्लासें निर्धारित समय अनुसार शुरू की जा सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी को अपनी विरासत, संस्कृति और कला से जोड़ने के साथ-साथ उनके अंतर्निहित कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मीटिंग के दौरान विरसा विहार में स्थित आडिटोरियम के नवीनीकरण संबंधी भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि आडिटोरियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि भविष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, संगीतमय समागम और अन्य कलात्मक गतिविधियां उचित ढंग से करवाई जा सकें।
पंजाब सरकार की युवाओं को रचनात्मक माहौल मुहैया करवाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए डा.अग्रवाल ने कहा कि यह पहल जिले के युवाओं के कौशल को निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करने में मददगार साबित होगी।
मीटिंग के दौरान विरसा विहार कमेटी के सदस्य भी मौजूद थे।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
