गुरदास नंगल के सुलक्षण सिंह के लिए वरदान साबित हुआ मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड

अमृतसर के नामी निजी अस्पताल में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत हृदय में तीन स्टेंट निःशुल्क लगाए गए

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 फरवरी 2026: ज़िला गुरदासपुर के गांव गुरदास नंगल के निवासी सुलक्षण सिंह के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड किसी वरदान से कम नहीं साबित हुआ है। सुलक्षण सिंह को कुछ दिन पहले दिल का दौरा पड़ा था और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत बिना कोई राशि खर्च किए उनके हृदय में तीन स्टेंट लगाए गए। इस समय उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत निःशुल्क और सफल इलाज करवाने वाले मरीज सुलक्षण सिंह ने आज स्थानीय लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। सुलक्षण सिंह ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और उन्होंने अपना प्रारंभिक इलाज गुरदासपुर के एक निजी अस्पताल में करवाया था। डॉक्टरों ने उनके परिजनों को बताया था कि हृदय में स्टेंट डालने की आवश्यकता है और इसके लिए किसी बड़े अस्पताल में इलाज कराना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि वे एक गरीब परिवार से हैं और उनके पास इतना धन नहीं था कि वे महंगा इलाज करवा सकें। इसी दौरान जब उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने पिछले गुरुवार को अपना स्वास्थ्य योजना कार्ड बनवाया और अमृतसर के नामी निजी अस्पताल रंधावा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका पूरी तरह निःशुल्क इलाज करते हुए हृदय में तीन स्टेंट डाले। उन्होंने कहा कि अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें नई ज़िंदगी देने के लिए पंजाब सरकार के दिल से आभारी हैं।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए हलका अजनाला के विधायक एवं आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मान सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं और यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है।
सरदार धालीवाल ने कहा कि ज़िला गुरदासपुर के गांव गुरदास नंगल के निवासी सुलक्षण सिंह इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जिनका हृदय रोग का इलाज इस योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना लागू कर पंजाब सरकार ने अमीरों की पहुंच में आने वाले सबसे महंगे निजी अस्पताल भी गरीबों के लिए खोल दिए हैं, जो जनसेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक बदलाव है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत छोटी और बड़ी सभी बीमारियों के इलाज के लिए प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक की दवाइयां और जांचें निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। जैसे ही मरीज अस्पताल में भर्ती होता है, इलाज से जुड़ी सभी सेवाएं मुफ्त होती हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में लगभग 65 लाख परिवार रहते हैं, जिनमें अमीर-गरीब, हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी धर्मों और जातियों के लोग शामिल हैं और राज्य सरकार ने किसी को भी इस योजना से बाहर नहीं रखा है। यह पहली बार है जब इस योजना के लिए कोई आय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। इस स्वास्थ्य योजना की शुरुआत कर पंजाब ने देश के सामने एक नई मिसाल कायम की है।
विधायक सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने समस्त पंजाबवासियों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य पंजीकृत करवाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इस योजना का लाभ लिया जा सके।
इस अवसर पर उनके साथ प्रभबीर सिंह बराड़ (जिला शहरी अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी), गुरप्रताप सिंह (जिला अध्यक्ष, ग्रामीण अमृतसर) सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।

Check Also

सामाजिक सेवी संस्था वाइस ऑफ अमृतसर द्वारा मानव अधिकारों विषय पर सेमिनार आयोजित

एन.जी.ओ. मानव अधिकार आयोग की आंख और कान बनकर कार्य करें: जतिंदर सिंह शंटी कल्याण …