
कल्याण केसरी न्यूज़, अटारी/अमृतसर, 11 फरवरी 2026: सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए विधायक श्री जसविंदर सिंह रामदास ने आज दाना मंडी अटारी में तीन नए शेडों के निर्माण प्रोजेक्ट की शुरुआत करवाई। पंजाब सरकार द्वारा इस परियोजना पर 2.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर उनके साथ मार्केट कमेटी अटारी की चेयरपर्सन सीमा सोढ़ी, मंडी के आढ़ती तथा क्षेत्र के किसान भी उपस्थित थे।
दाना मंडी अटारी में तीन नए शेडों के निर्माण कार्य की शुरुआत करते हुए विधायक जसविंदर सिंह रामदास ने कहा कि मंडी में तीन नए शेड बनने से सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी और उन्हें फसल की बिक्री के समय किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। श्री रामदास ने कहा कि क्षेत्र के किसानों और आढ़तियों ने उनके ध्यान में लाया था कि दाना मंडी में शेडों की अत्यंत आवश्यकता है।
उन्होंने किसानों और आढ़तियों की इस मांग को सरकार के समक्ष रखा, जिसके फलस्वरूप पंजाब मंडी बोर्ड द्वारा अटारी दाना मंडी में तीन नए शेडों के निर्माण के लिए 2.52 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी के तहत आज इन शेडों के निर्माण का प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
विधायक श्री जसविंदर सिंह रामदास ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आम लोगों की सरकार है और यह सरकार जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को भली-भांति समझती है। उन्होंने कहा कि मान सरकार द्वारा हर क्षेत्र में बेमिसाल कार्य किए जा रहे हैं और विकास की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं।
Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र