श्री गुरु तेग बहादुर कॉलेज सठियाला के एनसीसी कैडेट ने नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस में लिया हिस्सा

विधायक टौंग ने दूसरे सेमेस्टर की फीस देकर एनसीसी कैडेट को किया सम्मानित

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 19 फरवरी 2026: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के अधीन चल रहे श्री गुरु तेग बहादुर कॉलेज सठियाला के एनसीसी कैडेट अरशदीप सिंह ने वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेकर विश्वविद्यालय, कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. (डा.) करमजीत सिंह तथा डीन कॉलेजिस डा. सरोज अरोड़ा के मार्गदर्शन में कॉलेज के एनसीसी विभाग के कैडेट अरशदीप सिंह ने गणतंत्र दिवस नई दिल्ली 2026 में सहभागिता की। उन्होंने इस उपलब्धि पर अरशदीप सिंह को शुभकामनाएं दीं।
हल्का बाबा बकाला के विधायक स. दलवीर सिंह टौंग ने भी अरशदीप को सम्मानित करते हुए उसके दूसरे सेमेस्टर की फीस भरकर सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस होनहार विद्यार्थी ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज इंचार्ज एवं एसोसिएट एनसीसी अधिकारी डा. (लेफ्ट.) हरसिमरन कौर के निर्देशन में गुरु तेग बहादुर कॉलेज सठियाला में एनसीसी की शुरुआत वर्ष 2021 में हुई थी।
उन्होंने जानकारी दी कि अरशदीप सिंह कॉलेज में एनसीसी के लगभग पांच वर्षों के सफर में दूसरा कैडेट है जिसने नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में पहुंचकर कॉलेज का मान बढ़ाया है। इस कैडेट ने लगभग पांच महीनों की कठिन मेहनत के बाद यह मुकाम हासिल किया। कॉलेज का एनसीसी विभाग 24 पंजाब बटालियन एनसीसी अमृतसर यूनिट के अधीन आता है और निरंतर समाज से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करता रहता है। इसके कैडेट देश के विभिन्न स्थानों पर रॉक क्लाइम्बिंग, आर्मी अटैचमेंट, युवा आपदा मित्र, माउंटेनियरिंग कैंप, पैरासेलिंग आदि कैंपों में भाग लेकर विशेष पहचान बना चुके हैं।
एसोसिएट एनसीसी अधिकारी एवं कॉलेज इंचार्ज डा. हरसिमरन कौर ने कहा कि यह हमारे कॉलेज के लिए गर्व की बात है कि हमारा विद्यार्थी कड़ी मेहनत के बाद गणतंत्र दिवस नई दिल्ली 2026 के राष्ट्रीय कैंप में शामिल होने में सफल रहा। उसे नई दिल्ली में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, एयर चीफ मार्शल, डीजी एनसीसी तथा अन्य उच्च अधिकारियों से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ। इन कैडेटों को पंजाब के राज्यपाल द्वारा भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज इंचार्ज ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के माननीय वाइस चांसलर प्रो. (डा.) करमजीत सिंह का धन्यवाद किया, जिनके समय-समय पर दिए गए निर्देशों के अनुसार ऐसे प्रयास सफल हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी विभाग भविष्य में भी अपने कैडेटों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कैंपों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने बताया कि हमारे कैडेट समय-समय पर अग्निवीर तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर भारतीय सेना, पंजाब पुलिस और बीएसएफ में भी स्थान प्राप्त कर रहे हैं।
इस मौके पर डा. लेफ्ट. हरसिमरन कौर, स्टाफ और कैडेटों ने कॉलेज में अरशदीप का स्वागत करते हुए उसे सम्मानित किया। कॉलेज इंचार्ज ने 24 पंजाब बटालियन एनसीसी अमृतसर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पी.एस. रियाड़, एडम ऑफिसर कर्नल सुनीत कोतवाल, एसएम तथा समस्त यूनिट इंस्ट्रक्टर्स की विशेष भूमिका के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …