रंगला पंजाब उत्सव की तैयारियां पूरी: अमृतसर के रंजीत एवेन्यू मैदान में 27 फरवरी से लगेगा तीन दिवसीय रंगला पंजाब उत्सव

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 26 फरवरी 2026: पंजाब सरकार के पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा अमृतसर के रंजीत एवेन्यू मैदान में 27 फरवरी से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय रंगला पंजाब उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस तीन दिवसीय उत्सव के दौरान पंजाब की सांस्कृतिक विरासत, रहन-सहन और खान-पान को विश्व स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि अमृतसर के रंजीत एवेन्यू मैदान में 27 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे रंगला पंजाब उत्सव का शुभारंभ होगा, जो 1 मार्च 2026 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह उत्सव पंजाब, पंजाबी और पंजाबी संस्कृति को समर्पित होगा, जिसमें पंजाब की सांस्कृतिक विरासत, रहन-सहन और खान-पान की सुंदर झलक देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान एक आकर्षक क्राफ्ट बाजार भी लगाया गया है, जहां दुकानदार पारंपरिक पंजाबी और अन्य सामान के स्टॉल लगाएंगे। इसके अलावा फूड कोर्ट में विभिन्न व्यंजनों के लगभग 30 स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष झूलों की व्यवस्था की गई है। साथ ही विभिन्न सरकारी विभाग भी अपने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि उत्सव के तीनों दिनों की शाम को पंजाब के प्रसिद्ध गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही पंजाबी संस्कृति की अन्य विधाओं जैसे गिद्धा और भांगड़ा की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि 27 फरवरी की शाम पहले दिन विश्व प्रसिद्ध लोक गायक विरासत संधू, जसपिंदर नरूला और जैजी बी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दर्शकों के बैठने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। दूसरे दिन की शाम मीत कौर, कौर बी और कुलविंदर बिल्ला प्रस्तुति देंगे। तीसरे और अंतिम दिन की शाम हरजीत हरमन, बाणी संधू और मनमोहन वारिस अपनी गायकी से समां बांधेंगे।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि रंगला पंजाब उत्सव में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने जिलेवासियों और समस्त पंजाबवासियों से अपील की कि वे 27, 28 फरवरी और 1 मार्च को अमृतसर के रंजीत एवेन्यू मैदान में पहुंचकर पंजाब, पंजाबी और पंजाबी संस्कृति की सुंदर झलक का आनंद लें।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …