श्री वाल्मीकि तीर्थ (श्री राम तीर्थ), श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री गुरु रविदास जी के मंदिर में भी हुए नतमस्तक
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा: हरदीप सिंह गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 5 मार्च 2026: राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल ने अपना पद संभालने के बाद धन्यवाद स्वरूप आज श्री दरबार साहिब, अमृतसर में माथा टेका। इस अवसर पर उन्होंने नई मिली जिम्मेदारी के लिए अकाल पुरख का शुक्राना अदा किया और सरबत के भले की अरदास की। इसके बाद उन्होंने श्री वाल्मीकि तीर्थ (श्री राम तीर्थ), श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री गुरु रविदास जी के मंदिर में भी माथा टेका।
इस मौके पर श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल को श्री दरबार साहिब का मॉडल भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल ने कहा कि वह अपनी इस नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों के अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नियमों के अनुसार सफाई कर्मचारियों को उनके सभी अधिकार दिए जाएं।

उन्होंने कहा कि यदि सफाई के दौरान किसी सफाई कर्मचारी के साथ कोई दुर्घटना हो जाती है तो आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि पीड़ित को उसका उचित मुआवजा बिना किसी देरी के मिले। उन्होंने कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान करवाएगा। यदि किसी भी सफाई कर्मचारी को कोई समस्या आती है तो वह आयोग से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर श्री हरदीप सिंह गिल के साथ उनके साथी भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र