विश्व ग्लूकोमा सप्ताह की शुरुआत


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 9 मार्च 2026: सिविल सर्जन अमृतसर डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय अमृतसर में जागरूकता बैनर जारी करके विश्व ग्लूकोमा सप्ताह की शुरुआत की गई। इस अवसर पर डॉ. बजाज ने बताया कि काला मोतिया (ग्लूकोमा) देशभर में स्थायी नेत्रहीनता के प्रमुख कारणों में से एक है। यदि इसका समय रहते पता चल जाए तो इसका उपचार सफलतापूर्वक किया जा सकता है।
इसी उद्देश्य से पूरे विश्व में 8 मार्च से 14 मार्च तक यह सप्ताह मनाया जाता है, ताकि इसके मामलों की जल्द पहचान कर संभव उपचार किया जा सके। इस सप्ताह के दौरान जिले भर में लोगों को काला मोतिया के प्रति जागरूक किया जाएगा और विशेष कैंप लगाकर मरीजों की जांच की जाएगी।
इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. रजिंदर पाल कौर ने बताया कि ग्लूकोमा के सामान्य लक्षणों में असामान्य सिरदर्द या आंखों में दर्द रहना, पढ़ने वाले चश्मे का नंबर बार-बार बदलना, रोशनी के आसपास रंगीन घेरे दिखाई देना, आंखों में दर्द और लालिमा के साथ दृष्टि कम हो जाना तथा दृष्टि का दायरा सीमित हो जाना शामिल हैं।
इसके अलावा डायबिटीज, हाइपरटेंशन, दमा, त्वचा रोग और एलर्जी से पीड़ित मरीजों में ग्लूकोमा का खतरा अधिक हो सकता है। इसलिए यदि ऐसे कोई लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सहायता के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर जांच और मुफ्त उपचार करवाना चाहिए।
इस अवसर पर डीडीएचओ डॉ. जगनजोत कौर, जिला एम.ई.आई.आई.ओ. अमरदीप सिंह, संदीप जियानी तथा समस्त स्टाफ उपस्थित थे।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …