जिला अमृतसर में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 10 मार्च 2026: पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से गांवों और शहरों में 58 सुविधा कैंप लगाए गए हैं। इसके अलावा जिले के 544 कॉमन सेंटरों में भी ये कार्ड बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी डिविजनल और सब-डिविजनल अस्पतालों में भी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाए जा रहे हैं तथा जिला प्रबंधकीय परिसर अमृतसर स्थित सेवा केंद्र में भी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत लाभार्थी सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ नामी निजी अस्पतालों में भी अपना मुफ्त इलाज करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिले के 89 प्रसिद्ध अस्पतालों को मुफ्त इलाज के लिए सूचीबद्ध किया गया है और लाभार्थी इन सूचीबद्ध संस्थानों में से किसी भी अस्पताल में अपना मुफ्त इलाज करवा सकते हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का कार्ड बनवाने के लिए परिवार के कम से कम दो सदस्यों का एक साथ जाना आवश्यक है। जिस सदस्य की आयु 18 वर्ष से कम है, उसे अपना जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड साथ लेकर जाना होगा, जबकि 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सदस्य को अपना वोटर कार्ड और आधार कार्ड साथ ले जाना जरूरी है।
उन्होंने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य बीमा योजना का कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि किसी भी मुश्किल समय में यह उनके काम आ सके। उन्होंने कार्ड बनाने के कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं इस कार्य की निगरानी करें और लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का कार्ड बनवाने में किसी भी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए।

Check Also

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने ट्यूबवेल और सड़कों को बनवाने के विकास कार्य का किया उद्घाटन

कहा , लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचना उनका उद्देश्य कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 मार्च …