‘युद्ध नशे के विरुद्ध’: जमशेर खास में नशा तस्कर की गैर-कानूनी इमारत ध्वस्त

कल्याण केसरी न्यूज़, जालंधर, 10 मार्च 2026: पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत आज जालंधर में एक और निर्णायक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के अंतर्गत गांव जमशेर में एक बदनाम नशा तस्कर से संबंधित गैर-कानूनी तरीके से पंचायती जमीन पर किए गए कब्जे को ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई ग्राम पंचायत जमशेर, एस.डी.ओ. जमशेर और कमिश्नरेट पुलिस द्वारा संयुक्त तौर से की गई है। ए.डी.सी.पी-2 हरिंदर सिंह गिल और ए.डी.सी.पी कैंट सरवनजीत सिंह द्वारा व्यक्तिगत रूप से कार्रवाई की निगरानी की गई।
उन्होंने बताया कि यह गैर-कानूनी निर्माण जेम्स उर्फ साबी, निवासी गांव जमशेर खास पत्ती गिलां का था, जो कि जलंधर कमिश्नरेट के थाना सदर के अधिकार क्षेत्र में है। जेम्स उर्फ साबी एक बदनाम नशा तस्कर था, जिसके खिलाफ पहले ही एन.डी.पी.एस. एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज थे। वह कपूरथला जेल में बंद था और बीमार होने के कारण इलाज के दौरान अमृतसर में अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। इस पते पर उसकी पत्नी सत्या देवी और उसका बेटा करन रह रहे हैं, जिनके खिलाफ भी थाना सदर कमिश्नरेट जालंधर में 1-1 मुकदमा दर्ज है।
उन्होंने दोहराया कि नशे से संबंधित किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिले में नशे की तस्करी को रोकने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाइयां आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगी।
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकार द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 के माध्यम से नशों की तस्करी या गैर-कानूनी नशा संबंधी गतिविधियों की कोई भी जानकारी साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Check Also

अमृतसर के होटल-रेस्टोरेंट कारोबार को बचाने के लिए सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पेट्रोलियम मंत्री को लिखा पत्र

कहा – अमृतसर की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर टिकी, लोकसभा के बाहर भी किया गया प्रदर्शन …