
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 11 मार्च 2026: मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के मद्देनज़र डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने जिले के पेट्रोलियम/एलपीजी अधिकारियों तथा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए बताया कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
डिप्टी कमिश्नर ने सख्त शब्दों में कहा कि किसी को भी कालाबाजारी या जमाखोरी नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जमाखोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 67 गैस एजेंसियां और 303 पेट्रोल पंप कार्यरत हैं और इनमें कहीं भी घरेलू गैस तथा पेट्रोल/डीजल की कोई कमी नहीं है तथा इनकी सप्लाई लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस में कुछ कमी आई है, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।
उन्होंने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो तुरंत जिला प्रशासन के ध्यान में लाएं, ताकि पंजाब सरकार के माध्यम से इसे केंद्र सरकार के ध्यान में लाया जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस तथा पेट्रोल/डीजल की कोई समस्या नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला निवासी जमाखोरी से बचें और यदि उनके ध्यान में कोई समस्या आती है तो प्रशासन से संपर्क करें।
इस बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्रीमती हरविंदर कौर, फूड सप्लाई इंस्पेक्टर जगविंदर सिंह, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सेल्स मैनेजर यश पाठक, मैनेजर अंकित कुमार सहित विभिन्न गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र