अधिकारियों को जिले में सभी बाढ़-रोधी प्रबंध 30 जून से पहले पूरा करने के आदेश
सफाई कार्यों की एसडीएम स्वयं करें निगरानी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 13 अप्रैल 2026: आगामी बरसाती सीजन के दौरान संभावित बाढ़ के खतरे को रोकने के लिए किए जाने वाले प्रबंधों को लेकर डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह द्वारा आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पिछले वर्ष बाढ़ आई थी, उन क्षेत्रों की विशेष मैपिंग की जाए और बाढ़-रोधी प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं।
उन्होंने ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले वर्ष जहां धुसी के बांधों को नुकसान पहुंचा था, वहां विशेष ध्यान देते हुए उन बांधों को पूरी तरह मजबूत किया जाए। इसके अलावा जिले में सभी नालों की सफाई भी समय पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि नदियों में जहां डी-सिल्टिंग की आवश्यकता है, उसे भी तुरंत पूरा किया जाए। डिप्टी कमिश्नर ने जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सभी गांवों के निवासियों से संपर्क स्थापित करने के लिए विशेष योजना तैयार की जाए।
डिप्टी कमिश्नर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले से गुजरने वाली प्रमुख और लिंक सड़कों पर बने पुलों और पुलियों की सफाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एसडीएम को भी निर्देश दिए कि वे सफाई कार्यों की स्वयं निगरानी करें और जिले से गुजरने वाली सभी ड्रेनों, चोओं आदि की सफाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी करवाई जाए, ताकि बरसात के मौसम में पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।
उन्होंने नगर निगम के कमिश्नर और नगर काउंसिलों के कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों की स्टॉर्म ड्रेनों की सफाई की जाए और नगर निगम व नगर काउंसिल की सीमाओं में आने वाले निकासी नालों को भी साफ किया जाए। इसके साथ ही सभी पंपिंग सेटों को भी चालू हालत में तैयार रखा जाए।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को संभावित बाढ़ के मद्देनजर आवश्यक सामान जैसे नावें, चप्पू, लाइफ जैकेट, टेंट, बांस, पॉलीथीन शीट, तिरपाल और सर्च लाइट्स का प्रबंध करने के लिए भी कहा। उन्होंने जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में खाद्य सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बरसात से पहले बीमारियों की रोकथाम के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को ठहराने के लिए उपयुक्त सरकारी भवनों की पहले से पहचान की जाए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती पानी की निकासी में बाधा बनने वाले पेड़ों से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक और स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ की स्थिति में राहत शिविर लगाने की तैयारियां करने के लिए भी कहा।
उन्होंने कहा कि ये सभी बाढ़-रोधी प्रबंध हर हाल में जून महीने के अंत तक पूरे कर लिए जाएं।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र