मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में नवीनीकृत जम्मू-कश्मीर हाउस का किया उद्घाटन

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 17 सितंबर 2026: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला ने आज अमृतसर, पंजाब में नवीनीकृत जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया।
2-कोर्ट रोड, अमृतसर स्थित इस विरासती इमारत को आधुनिक सुविधाओं से व्यापक रूप से अपग्रेड किया गया है। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर से अमृतसर आने वाले लोगों को किफायती और आरामदायक आवास उपलब्ध करवाना है। विशेष रूप से चिकित्सा उपचार के लिए अमृतसर आने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों को इससे सुविधा मिलेगी।
नवीनीकरण एवं अपग्रेडेशन का कार्य अक्टूबर 2025 में शुरू किया गया था, जो लगभग 2.30 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इसके तहत सिविल एवं विद्युत कार्यों के अलावा इंटीरियर, अतिथि सुविधाओं, बाहरी विकास तथा अन्य संबंधित बुनियादी ढांचे के कार्य किए गए हैं।
अपग्रेड की गई सुविधा में चार गेस्ट रूम हैं, जिनके साथ ड्रेसिंग एरिया और वॉशरूम की सुविधा है। इसके अलावा कॉमन सिटिंग लाउंज, डाइनिंग एरिया और रसोई भी उपलब्ध है।
शहर के प्रमुख अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के निकट स्थित जम्मू-कश्मीर हाउस मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता सुविधा के रूप में काम करेगा। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर से आने वाले विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और अन्य आगंतुकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने नवीनीकृत सुविधाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को मेहमानों के लिए उच्च स्तर की आतिथ्य सेवा, स्वच्छता तथा उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा जम्मू-कश्मीर से बाहर उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिवारों को होने वाली कठिनाइयों को कम करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि अन्य आगंतुकों के लिए भी यह सुविधाजनक और किफायती ठहरने की सुविधा उपलब्ध करवाएगी।
मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर हाउस के नवीनीकरण एवं अपग्रेडेशन में योगदान देने वाले विभिन्न विभागों और अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की तथा सुविधा को उच्च मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री नासिर असलम वानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री धीरज गुप्ता, जम्मू-कश्मीर के रेजिडेंट कमिश्नर श्री रमेश कुमार, सचिव हॉस्पिटैलिटी एवं प्रोटोकॉल श्रीमती अवनी लवासा, अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर श्री अनिल शर्मा सहित जम्मू-कश्मीर एवं पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

ऑपरेशन संपर्क: नशों के खिलाफ लड़ाई में परिवार और समाज की भूमिका सबसे अहम: सी.पी. हरमनबीर सिंह गिल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 17 सितंबर 2026: कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर द्वारा नशों के खिलाफ जागरूकता …