मज्जूपुरा के कद्दोवली वाटर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट का सांसद गुरजीत सिंह औजला ने किया निरीक्षण, कहा- बाकी काम जल्द पूरा करवाएंगे

कल्याण केसरी न्यूज़, अजनाला, 18 सितंबर 2026: सांसद गुरजीत सिंह औजला ने अजनाला क्षेत्र के मज्जूपुरा के नजदीक कद्दोवली में चल रहे वाटर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। औजला ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को साफ और सुरक्षित पीने का पानी उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत करीब 160 गांवों को पानी की सप्लाई से जोड़ा जाना है, जबकि करीब 285 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए गांवों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
औजला ने कहा कि बारिश के दौरान आने वाला गंदा पानी और कई इलाकों में भूजल की खराब गुणवत्ता ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या है। पीने के पानी की खराब गुणवत्ता का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। ऐसे में साफ पानी की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सांसद के तौर पर लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के लिए जो प्रयास उनके स्तर पर संभव हैं, वे लगातार किए जा रहे हैं।
औजला बोले- तीन ब्लॉकों के करीब 160 गांव होंगे कवर
सांसद ने बताया कि यह परियोजना करीब तीन ब्लॉकों के गांवों को कवर करेगी और इसके माध्यम से लगभग 160 गांवों तक पानी की सप्लाई पहुंचाने की योजना है। परियोजना में वाटर ट्रीटमेंट के साथ सप्लाई रिजर्वायर, टैंक और अन्य ढांचा तैयार किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ जगहों पर काम अभी बाकी है।
औजला ने कहा कि यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है और ऐसे प्रोजेक्ट को पूरा करने में समय लगता है। कई बार निर्माण के दौरान छोटी-बड़ी तकनीकी और अन्य समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो काम बाकी रह गया है और जहां भी कोई दिक्कत है, उसे संबंधित विभागों के साथ मिलकर जल्द दूर करवाया जाएगा।
औजला ने कहा- जल्द गांवों में पहुंचेगा साफ पानी
औजला ने कहा कि प्रोजेक्ट का बड़ा हिस्सा तैयार हो चुका है और बाकी छोटी-मोटी दिक्कतों को दूर करने के बाद गांवों को जल्द साफ पानी की सप्लाई मिलनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को बोतलबंद पानी खरीदकर पीने की जरूरत न पड़े, बल्कि उन्हें अपने गांव में ही बेहतर गुणवत्ता वाला पानी उपलब्ध हो, यही इस परियोजना का उद्देश्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि शहरों में भी साफ पानी की सप्लाई से संबंधित व्यवस्था की जा रही है और जहां टैंक आदि तैयार किए जाने हैं, वहां काम को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
औजला की अपील- हर गांव अपने पानी के सैंपल की जांच करवाए
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने गांवों के सरपंचों, पंचों, नंबरदारों, पंचायत सदस्यों, ब्लॉक समिति सदस्यों, पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के पानी की जांच करवाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव से पानी के दस तक सैंपल मुफ्त जांच के लिए लाए जा सकते हैं। इससे पता चलेगा कि गांव में इस्तेमाल हो रहे भूजल में किस तरह की समस्या है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जहां संभव हो, मौजूदा भूजल के साथ-साथ प्रोजेक्ट से मिलने वाले पानी का सैंपल भी जांच करवाएं, ताकि दोनों की गुणवत्ता का अंतर सामने आ सके।
संसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि क्षेत्र में पानी और गांवों से जुड़ी समस्याओं को लेकर उनके भाई सुखजिंदर सिंह सुख औजला भी लगातार लोगों के संपर्क में रहते हैं और जमीनी स्तर पर समस्याओं की जानकारी लेते हैं। इसके अलावा उनका दफ्तर भी हमेशा लोगों के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि गांवों के लोगों की समस्याओं को सामने लाने और संबंधित विभागों तक पहुंचाने में क्षेत्रीय स्तर पर होने वाले प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
औजला ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी एक पार्टी या वर्ग तक विकास का लाभ सीमित रखना नहीं है। क्षेत्र का हर व्यक्ति, चाहे वह किसी भी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा हो, उसे विकास योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में यह उनकी जिम्मेदारी है कि लोगों के काम हों और उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिलें।
औजला बोले- पानी की समस्या हो तो सीधे संपर्क करें
सांसद ने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी गांव में पानी की सप्लाई पूरी नहीं हो रही है, पाइपलाइन में समस्या है या परियोजना से जुड़ी कोई अन्य परेशानी है तो वे उनके कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कंडोवाली के पास बनाए जा रहे परियोजना परिसर में भी अपनी समस्या बताई जा सकती है।
औजला ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समयबद्ध तरीके से समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से परियोजना को पूरा करवाने में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि साफ पानी उपलब्ध करवाना सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र