
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 18 सितंबर 2026: पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शहीद एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के मामले में अमृतसर पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पुलिस लाइन, अमृतसर सिटी में हुई बैठक के दौरान उन्होंने मामले की जांच और पुलिस की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को जांच में तेजी लाने और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आईजी बार्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

डीजीपी गौरव यादव ने घटना स्थल का भी दौरा कर घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, एएसआई हरजीत सिंह गेट हकीमा थाने के अधीन ड्यूटी पर तैनात थे और भगतांवाला दाना मंडी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर नजदीक से गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल हरजीत सिंह को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक हमलावरों ने एएसआई हरजीत सिंह का पीछा किया और नजदीक से गोली चलाई। घटनास्थल से .30 बोर का एक खाली कारतूस बरामद किया गया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्र में गश्त मजबूत करने, निगरानी बढ़ाने और निवारक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पुलिस की विभिन्न टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
डीजीपी ने परिवार के साथ किया दुख सांझा

डीजीपी गौरव यादव ने शहीद एएसआई हरजीत सिंह के घर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और दुख साझा किया। उन्होंने परिवार को पंजाब पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। डीजीपी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान एएसआई हरजीत सिंह द्वारा दिए गए बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा और मामले में शामिल आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर कार्रवाई की जाएगी।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र