24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस ट्रेस, साजिशकर्ता और रेकी करने वाला आरोपी गिरफ्तार


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 19 सितंबर 2026: थाना इस्लामाबाद पुलिस ने कोट खालसा फाटक के पास हुए ब्लाइंड मर्डर केस को 24 घंटे के भीतर ट्रेस करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय आकाशदीप सिंह उर्फ अभि निवासी कोट खालसा, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी हत्या की साजिश रचने और रेकी करने में शामिल था।
इस संबंध में थाना इस्लामाबाद में मुकदमा नंबर 286, दिनांक 18 सितंबर 2026 को धारा 103(1) बीएनएस तथा 25/27/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।

गोली लगने से हुई थी युवक की मौत
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 24 वर्षीय साहिलप्रीत सिंह उर्फ डमै​ल के रूप में हुई है, जो डिलीवरी का काम करता था। मृतक के पिता मुख्तियार सिंह निवासी श्री हरिकृष्ण नगर, कोट खालसा फाटक के पास, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे उनका बेटा घर के बाहर सैर कर रहा था।
इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद साहिलप्रीत सड़क पर गिरा हुआ मिला और उसकी छाती से खून निकल रहा था। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देश पर डीसीपी ऑपरेशंस जुगराज सिंह के दिशा-निर्देशन और एडीसीपी सिटी-1 योगेश्वर सिंह तथा एसीपी साउथ प्रीत इंदर सिंह की निगरानी में थाना इस्लामाबाद के प्रभारी इंस्पेक्टर हरसंदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सुरागों और विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के बाद आकाशदीप सिंह उर्फ अभि को अमृतसर शहर के क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी हत्या की साजिश और रेकी में शामिल था। मामले में उसके अन्य साथियों को भी नामजद किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आरोपी पर पहले से चार मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आकाशदीप सिंह के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। ये मामले थाना इस्लामाबाद, थाना गेट हकीमा और थाना घरिंडा, जिला अमृतसर ग्रामीण में दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मई 2026 में फताहपुर जेल से जमानत पर बाहर आया था।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, मृतक साहिलप्रीत सिंह उर्फ डमै​ल और गिरफ्तार आरोपी आकाशदीप सिंह उर्फ अभि के बीच पहले से लड़ाई-झगड़े को लेकर रंजिश चल रही थी। पुलिस इसी पुरानी रंजिश को हत्या के पीछे की वजह मानकर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Check Also

पाइपलाइन डालने के दौरान रिहाइशी इलाकों में घुसा सुल्तानविंड नहर का पानी, सांसद गुरजीत सिंह औजला मौके पर पहुंचे

कहाः एल एंड टी विभाग की लापरवाही से रिहायशी इलाकों में घुसा पानी, कई घरों …