2,109 पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा 876 फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि का रिकॉर्ड किया जाएगा अपडेट
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 25 सितंबर 2026: मुख्य इंजीनियर, वितरण बॉर्डर जोन, अमृतसर, इंजीनियर सुरिंदर कुमार बैंस ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) द्वारा पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों को उनके बनते वित्तीय लाभ समय पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पेंशन पैकेज में आवश्यक रिकॉर्ड अपडेट करने संबंधी सभी डीडीओज़ को निर्देश जारी किए गए हैं।
पीएसपीसीएल के सीएमडी गुरकिरत किरपाल सिंह, आईएएस, तथा पीएसईबी ज्वाइंट फोरम एवं बिजली मुलाजिम एकता मंच पंजाब के बीच हुई बैठक के दौरान यह मामला सामने आया कि पेंशन पैकेज में कुछ पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा कुछ फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि दर्ज न होने के कारण वृद्धावस्था भत्ता और एलटीसी जैसे बनते लाभों के भुगतान में कठिनाई आ रही थी।
जांच के दौरान सामने आया कि 2,109 पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा 876 फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि का डेटा रिकॉर्ड में अपडेट नहीं है। इसके कारण कुछ पात्र पेंशनरों को एलटीसी, वृद्धावस्था भत्ता तथा अन्य बनते लाभ प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएसपीसीएल के सीएमडी गुरकिरत किरपाल सिंह, आईएएस, द्वारा सभी संबंधित डीडीओज़ को उक्त कार्रवाई 15 दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों को उनके बनते वित्तीय लाभों का भुगतान सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
इस संबंध में पीएसपीसीएल द्वारा 23 सितंबर, 2026 को पत्र जारी कर सभी डीडीओज़ को निर्देश दिए गए हैं कि पेंशनरों के रिकॉर्ड की तत्काल जांच की जाए। आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर रिकॉर्ड में डेटा तुरंत अपडेट किया जाए। यदि किसी पेंशनर का कोई दस्तावेज अथवा जानकारी अधूरी है, तो संबंधित कार्यालय द्वारा स्वयं संबंधित पेंशनर से संपर्क कर आवश्यक कमी को पूरा करवाया जाए।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र
