पूर्व सरकारों ने महंगी स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के कारण पंजाबवासियों को गरीबी की ओर धकेलाः धालीवाल
हलका अजनाला में 24 हजार परिवारों को वितरित किए जा चुके हैं 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज के स्वास्थ्य बीमा कार्डः धालीवाल
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अजनाला में करवाया गया स्वास्थ्य कार्ड वितरण समारोह

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 29 सितंबर 2026: आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं हलका अजनाला से विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है, जिसने पंजाब के नागरिकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए महंगे इलाज से राहत दिलाने और प्रत्येक परिवार को बिना किसी भेदभाव के 10 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य उपचार बीमा उपलब्ध करवाने का क्रांतिकारी कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान सामने आया है कि इस मुफ्त उपचार सुविधा का लाभ 65 लाख से अधिक परिवार उठा सकेंगे। इन 65 लाख परिवारों तक इस सुविधा का लाभ सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाने हेतु दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास कर रही है तथा कार्ड बनाने की प्रक्रिया के लिए बाकायदा सरकारी अमले की पूरी ताकत झोंकी गई है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स. धालीवाल आज यहां आयोजित संक्षिप्त एवं प्रभावशाली समारोह में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के लाभार्थियों को स्वास्थ्य बीमा कार्ड वितरित करते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्ड लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पंजाब सरकार का प्रयास है कि राज्य का प्रत्येक परिवार स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित हो और किसी भी नागरिक को आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े।
स. धालीवाल ने समारोह में मौजूद पार्टी स्वयंसेवकों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों के स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाने में प्राथमिकता के आधार पर सहयोग किया जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कतार में खड़े प्रत्येक योग्य लाभार्थी का कार्ड बनाया जा सके।
बाद में बातचीत के दौरान स. धालीवाल ने बताया कि आज वितरित किए गए 10 लाख रुपये तक के मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कार्ड सहित हलका अजनाला में 24 हजार से अधिक परिवारों को स्वास्थ्य बीमा कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों ने पंजाब के नागरिकों को स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं से वंचित रखकर निजी हाथों में महंगी स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं के माध्यम से कथित लूट का आधार तैयार किया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भी भाई-भतीजावाद एवं रिश्वतखोरी को चरम पर पहुंचाकर न केवल योग्य उम्मीदवारों को नौकरियों से वंचित रखा गया, बल्कि उन्हें गरीबी की दलदल में भी धकेला गया।
स. धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार देश में ऐसी पहली सरकार है, जो नफरत की राजनीति के बजाय पंजाबवासियों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए सुविधाओं की राजनीति कर रही है।
इस अवसर पर एडवोकेट अमनदीप कौर धालीवाल, खुशपाल सिंह धालीवाल, पीए मुख्तार सिंह बलड़वाल, प्रधान भट्टी जसपाल सिंह ढिल्लों, शहरी प्रधान अमित औल, शिवदीप सिंह चहल, अजय शर्मा, हरप्रीत सिंह सोहल, दविंदर सिंह सोनू आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र