गिरफ्तार आरोपियों के विदेश में बैठे तस्करों से संबंध; अवैध हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाकर राज्य में आगे सप्लाई करते थे आरोपी: डीजीपी गौरव यादव
गिरफ्तार आरोपियों ने ड्रोन के जरिए गिराई जाने वाली खेपें प्राप्त करने के लिए भारत-पाकिस्तान सीमा के पास अमरूद का बाग ठेके पर लिया हुआ था: आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़/अमृतसर, 29 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए शुरू की गई मुहिम के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक महिला, उसके पति और भाई समेत तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
पुलिस टीमों ने इन आरोपियों के कब्जे से 10.030 किलोग्राम हेरोइन, दो आधुनिक असॉल्ट राइफलें-जिनमें एक एके-47 और एक एके-56 शामिल हैं—के साथ तीन मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान संदीप सिंह (32) और उसकी पत्नी कमलजीत कौर (31), दोनों निवासी गांव बराड़, अमृतसर ग्रामीण, तथा कमलजीत के भाई बिक्रमजीत सिंह (23), निवासी गांव घुमाणपुरा, अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है। आरोपी संदीप सिंह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट आदि के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों के कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों से संबंध थे और वे अवैध हथियार तथा नशीले पदार्थ मंगवाकर राज्य में आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की पुलिस टीमों ने लक्षित कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को नशीले पदार्थों और असॉल्ट हथियारों की खेप समेत गिरफ्तार कर लिया।
आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान तस्करी का एक अनोखा तरीका सामने आया है। इसके तहत आरोपियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा की कंटीली तार से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित गांव मोधै में एक एकड़ अमरूदों के बाग वाली जमीन ठेके पर ली हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी इस बाग का इस्तेमाल सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई जाने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप प्राप्त करने के लिए कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि जहां आरोपी संदीप और उसकी पत्नी कमलजीत कौर संयुक्त रूप से सीमा पार से तस्करी के कामकाज को संभाल रहे थे, वहीं उसका भाई बिक्रमजीत सिंह खेपों को उठाने, ले जाने और आगे पहुंचाने में मदद कर रहा था।
इस संबंध में थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 23, 29 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 420, दिनांक 25.09.2026 दर्ज की गई है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र