नशों से दूर रहने, ट्रैफिक नियमों की पालना करने और 112 हेल्पलाइन के उपयोग संबंधी किया जागरूक

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 29 सितंबर 2026: श्री हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस, कमिश्नर पुलिस, अमृतसर के निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ सीधा संपर्क स्थापित कर उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, नशों के दुष्प्रभावों तथा पुलिस की आपातकालीन सेवाओं के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से आज शहर के विभिन्न कॉलेजों में विद्यार्थियों/स्टाफ के साथ विशेष इंटरैक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपलों एवं विद्यार्थियों के साथ विस्तृत बातचीत की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, लोगों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा किसी भी परेशानी या शिकायत की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के तरीकों के बारे में जानकारी साझा की गई।

विद्यार्थियों के साथ खुलकर की गई बातचीत
इंटरैक्शन के दौरान विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं एवं चिंताएं खुलकर साझा करने का अवसर दिया गया। विद्यार्थियों से पूछा गया कि क्या उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा अथवा अन्य समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विद्यार्थियों द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई।
नशों के विरुद्ध विद्यार्थियों को किया जागरूक
बातचीत के दौरान युवाओं को नशों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि नशों से दूर रहना केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि परिवार एवं समाज के भविष्य के लिए भी बेहद जरूरी है।
विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे नशों से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इस बुराई से बचाने के लिए जागरूक करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में पुलिस को सूचित करें।
112 हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रक्रिया के बारे में जानकारी
विद्यार्थियों को 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा बताया गया कि किसी आपात स्थिति अथवा पुलिस सहायता की आवश्यकता पड़ने पर 112 के माध्यम से पुलिस तक किस प्रकार पहुंचा जा सकता है।
इसके अलावा, किसी भी शिकायत अथवा समस्या को पुलिस के ध्यान में लाने के लिए उपलब्ध प्रक्रिया के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत करवाया गया। संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों, थाने तथा पीसीआर/कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर भी साझा किए गए, ताकि युवा बिना किसी झिझक के आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सीधे संपर्क स्थापित कर सकें।
युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना साझा जिम्मेदारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवा देश एवं समाज का भविष्य हैं। उन्हें सही दिशा, सुरक्षित वातावरण और सही जानकारी उपलब्ध करवाना पुलिस, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों एवं समाज की साझा जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों से यह भी अपील की गई कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें, बिना सत्यापन किसी भी जानकारी को आगे साझा न करें तथा किसी भी संदेह या समस्या की स्थिति में सीधे पुलिस अथवा कॉलेज प्रशासन से संपर्क करें।
इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन एवं विद्यार्थियों द्वारा कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की इस सीधी बातचीत एवं जागरूकता पहल का स्वागत किया गया।

पुलिस अधिकारियों द्वारा निम्नलिखित कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्शन किया गया, जिसका विवरण इस प्रकार है:-
श्री रविंदर पाल सिंह संधू, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर, अमृतसर द्वारा गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर तथा खालसा यूनिवर्सिटी, अमृतसर में विद्यार्थियों को संबोधित किया गया।
श्री जसकरणजीत सिंह तेजा, डीसीपी सिटी, अमृतसर द्वारा खालसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अमृतसर में विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्शन किया गया।
श्रीमती मनजीत कौर, एडीसीपी स्थानीय, अमृतसर द्वारा बी.बी.के. डी.ए.वी. कॉलेज फॉर वूमेन, लॉरेंस रोड, अमृतसर में विद्यार्थियों के साथ बातचीत की गई।
श्रीमती परविंदर कौर, एडीसीपी स्पेशल, अमृतसर द्वारा सरूप रानी सरकारी कॉलेज फॉर वूमेन, अमृतसर में विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्शन किया गया।
श्री सिरीवनिल्ला, एडीसीपी सिटी-2, अमृतसर द्वारा शहजादा नंद कॉलेज, ग्रीन एवेन्यू, अमृतसर में विद्यार्थियों को संबोधित किया गया।
श्री गुरप्रताप सिंह सहोता, एडीसीपी पीबीआई, अमृतसर द्वारा हिंदू कॉलेज, अमृतसर में विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्शन किया गया।
श्री योगेश्वर गोराया, एडीसीपी सिटी-1, अमृतसर द्वारा डी.ए.वी. कॉलेज, हाथी गेट, अमृतसर में विद्यार्थियों के साथ बातचीत की गई।
श्री जयंत पुरी, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन, अमृतसर द्वारा माई भागो कॉलेज, मजीठा रोड, अमृतसर में विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्शन किया गया।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र