किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा: धालीवाल

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 3 अक्टूबर 2026: विधानसभा क्षेत्र अजनाला से विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज हलके की विभिन्न अनाज मंडियों में धान की खरीद का जायजा लिया। उन्होंने अनाज मंडी सुधार, अवाण, गग्गोमाहल, चमियारी, चक्क सिकंदर और खतराए कलां का दौरा कर खरीद प्रबंधों का निरीक्षण किया तथा मंडियों में धान लेकर पहुंचे किसानों से बातचीत की।
इस अवसर पर विधायक धालीवाल ने किसानों को धान की फसल की मंडियों में आमद के लिए बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा धान की निर्बाध और सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए मंडियों में पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा तथा फसल की अदायगी समय पर और पारदर्शी ढंग से की जाएगी।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में अपनी फसल बेचने के लिए आने वाले किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए। उन्होंने कहा कि किसान की फसल की खरीद के बाद 24 घंटे के भीतर अदायगी सुनिश्चित की जाए तथा खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
विधायक धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों की भलाई और उनकी फसल की निर्बाध खरीद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं और उचित प्रबंध किए गए हैं तथा खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर मंडी बोर्ड और विभिन्न खरीद एजेंसियों के उच्च अधिकारी भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र