नशों के खिलाफ युद्ध अभियान के तहत नशा मुक्ति मोर्चा और अमृतसर पुलिस प्रशासन की अहम समीक्षा-सह-समन्वय बैठक

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 4 नवंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत जिला अमृतसर शहरी में नशा मुक्ति मोर्चा और अमृतसर पुलिस प्रशासन के बीच एक अहम समीक्षा-सह-समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नशों की बिक्री से संबंधित हॉटस्पॉट्स पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करने के साथ-साथ आगामी रणनीति को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नशा मुक्ति मोर्चा की ओर से दीक्षित धवन, माझा जोन इंचार्ज (युद्ध नशों के विरुद्ध) तथा पुलिस विभाग की ओर से डीसीपी सिटी श्री जसकरण सिंह तेजा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा की ओर से हनी नाहर, जिला इंचार्ज अमृतसर शहरी और रणजीत सिंह, वाइस इंचार्ज अमृतसर शहरी सहित सभी हलका कोऑर्डिनेटर और वाइस कोऑर्डिनेटर भी मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस प्रशासन की ओर से एडीसीपी सिटी-1, एडीसीपी सिटी-2, एडीसीपी सिटी-3 तथा अमृतसर की सेंट्रल, ईस्ट, वेस्ट, साउथ और नॉर्थ सब-डिवीजनों के सभी एसीपी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान वार्ड डिफेंस कमेटियों (डब्लयूडीसी), विभिन्न समितियों और आम लोगों द्वारा नशों की बिक्री तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों से संबंधित चिह्नित किए गए हॉटस्पॉट्स पर पंजाब पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाइयों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही शेष चिह्नित स्थानों पर भी जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आगामी रणनीति और कार्ययोजना तैयार की गई।
इस अवसर पर नशों से संबंधित आम लोगों द्वारा दी जाने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने, पुलिस प्रशासन और नशा मुक्ति मोर्चा के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा जमीनी स्तर पर अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस मौके पर दीक्षित धवन ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य लोगों की सक्रिय भागीदारी, वार्ड डिफेंस कमेटियों के सहयोग और पुलिस प्रशासन की प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त पंजाब के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस प्रशासन और आम जनता के संयुक्त प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं।

Check Also

किराएदारों और दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए एडीसी पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक

‘मेरी दुकान मेरे नाम’ योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए किराएदारों को …