200 से अधिक बुजुर्गों की विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई स्वास्थ्य जांच
सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन और जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम ने विशेष रूप से शिरकत कर कैंप का लिया जायजा

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 4 नवंबर 2026: पंजाब सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत चलाए जा रहे ‘हमारे बुजुर्ग हमारा मान’ कार्यक्रम के अंतर्गत कम्युनिटी हेल्थ सेंटर मानांवाला में बुजुर्गों के लिए विशेष मेडिकल जांच कैंप लगाया गया। इस कैंप में विभिन्न गांवों से पहुंचे 200 से अधिक बुजुर्गों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम भगत और जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह ने विशेष रूप से शिरकत कर कैंप के दौरान बुजुर्गों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर गांव स्तर पर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन ने कहा कि जिले में बुजुर्गों की बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के लिए राष्ट्रीय बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बुजुर्गों को स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां और सहायक उपकरणों सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत भी पात्र लाभार्थियों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है।
कैंप के संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. जसपाल सिंह ने बताया कि कैंप की शुरुआत बुजुर्गों को योग करवाने के साथ की गई। इसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा गैर-संचारी बीमारियों जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर और कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा आंखों, कान, नाक एवं गले, हड्डियों तथा स्त्री रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा भी जांच की गई। बुजुर्गों को फिजियोथेरेपी की सेवाएं भी प्रदान की गईं। आवश्यकता के अनुसार मौके पर ही विभिन्न टेस्ट किए गए और मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर जिला मास मीडिया अधिकारी श्री अमरदीप सिंह, मेडिकल अधिकारी डॉ. शुभप्रीत सिंह, डॉ. वंदना, डॉ. साहिल गुप्ता, डॉ. गुरसिमरन सिंह, डॉ. जस्मीत, डॉ. सोनमीत, डॉ. गीतांजलि, डॉ. नीलम, डॉ. रुपिंदर कौर, ए.एम.ओ. डॉ. कंवलजीत, ब्लॉक एजुकेटर सौरव शर्मा, एस.आई. बलराज सिंह, एल.एच.वी. रजविंदरपाल कौर, नर्सिंग सिस्टर किरणदीप कौर, जसबीर कौर सहित सभी सी.एच.ओ., आशा वर्करों और आशा सुपरवाइजरों ने अपनी सेवाएं निभाईं।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र