श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रमों की शुरुआत आज राज्य स्तरीय समारोह से: धालीवाल


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 5 फरवरी 2026: आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भक्ति युग के पूजनीय संत, सर्वसांझीवालता और मानवता की भलाई के महान प्रवर्तक श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित, पंजाब सरकार द्वारा वर्ष भर पंजाब के विभिन्न गांवों, शहरों और जिलों में श्रद्धा भाव से आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 6 फरवरी को श्री खुरालगढ़ साहिब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रकाश उत्सव समारोह से होगी। यह पावन स्थल श्री गुरु रविदास जी के चरण स्पर्श से पवित्र गंगा (अमृत कुंड) सचखंड तप स्थल एवं मीनार-ए-बेगमपुरा के रूप में विख्यात है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान इस राज्य स्तरीय समारोह में उपस्थित होकर राज्य की सुख-शांति, खुशहाली, पारंपरिक सांप्रदायिक सद्भाव और चढ़दी कला के लिए अरदास करेंगे।
धालीवाल ने यह विचार पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थल श्री गुरु रविदास जी के चरण स्पर्श से पवित्र गंगा (अमृत कुंड) सचखंड तप स्थल और मीनार-ए-बेगमपुरा, श्री खुरालगढ़ साहिब में मत्था टेकने और सर्वभलाई की अरदास करने के उपरांत मीडिया से बातचीत के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी का जीवन मानवता, समानता और सामाजिक एकता का संदेश देता है तथा इस पवित्र स्थल पर नतमस्तक होकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ है। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय प्रकाश उत्सव समारोह को सफल, गरिमामय और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पंजाब सरकार ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित वर्ष भर मनाए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए स. धालीवाल ने बताया कि डेरा सचखंड बल्लां में गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना की जा रही है। इसके लिए 10.5 करोड़ रुपये की लागत से भूमि खरीदी जा चुकी है तथा विधिवत रूप से रजिस्ट्री करवाई गई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 6 फरवरी को राज्य स्तरीय समारोह से शुभारंभ होने के बाद 27 फरवरी से अगले वर्ष फरवरी माह तक समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में नवंबर 2026 में खुरालगढ़ साहिब में धार्मिक हस्तियों की सहभागिता से महान कीर्तन दरबार और बेगमपुरा समागम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही श्री गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और यात्राओं से संबंधित कार्यक्रम पंजाब भर के गांवों, कस्बों और शहरों में आयोजित करने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है।
स. धालीवाल ने कहा कि आज के समय में, जब फिरकापरस्त और कट्टरपंथी ताकतें सिर उठा रही हैं, ऐसे में श्री गुरु रविदास महाराज जी की जाति-पाति से ऊपर उठकर सर्वसांझीवालता और मानवता की भलाई का संदेश देने वाली शिक्षाएं पूरी तरह प्रासंगिक हैं।

Check Also

सरकारों की जन-विरोधी और निजीकरण नीतियों के खिलाफ उबलता पंजाब

संयुक्त किसान मोर्चा, मजदूर, कर्मचारी, विद्यार्थी, नौजवान और महिला संगठनों की बैठक में लिए गए …