मानवाधिकारों की रक्षा के लिए हर ज़िले में बनाए जाएंगे कोर ग्रुप : पद्म श्री जतिंदर सिंह शंटी

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 फरवरी 2026: पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए हर ज़िले में कोर ग्रुप बनाए जाएंगे। यह बात पंजाब राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग के सदस्य पद्म श्री जतिंदर सिंह शंटी ने आज स्थानीय ज़िला प्रशासनिक परिसर में अधिकारियों, समाजसेवियों, सरपंचों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ आयोजित एक अहम बैठक के दौरान कही।
श्री जतिंदर सिंह शंटी ने कहा कि मानवाधिकार आयोग द्वारा राज्य में मानवाधिकारों की रक्षा तथा उल्लंघन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य यह है कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के अनुसार प्राप्त मौलिक अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा मिले और किसी भी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानवाधिकारों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मानवाधिकारों की रक्षा हेतु आयोग द्वारा समय-समय पर एडवाइजरी जारी की गई हैं।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा हर ज़िले में 15-15 व्यक्तियों के कोर ग्रुप बनाए जा रहे हैं, जो मानवाधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे तथा आयोग से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं को सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कोर ग्रुपों में विभिन्न वर्गों से संबंधित व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि कहीं भी मानवाधिकारों का उल्लंघन होता है तो इस संबंध में लिखित शिकायत आयोग को दी जाए, जिस पर दो दिनों के भीतर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि मानवाधिकार उल्लंघन से संबंधित शिकायतों के लिए आयोग द्वारा हेल्पलाइन नंबर 9855475547 भी जारी किया गया है।
एनजीओ को मानवाधिकार आयोग की आंख और कान बनकर कार्य करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे मानवता की भलाई के कार्यों के साथ-साथ मानवाधिकारों की रक्षा में भी सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि एनजीओ को मानव कल्याण और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की बाहें बनकर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने मानवाधिकारों के दृष्टिगत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मानवाधिकारों को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए। इस दौरान समाजसेवियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा शहर की वे समस्याएं, जो मानवाधिकारों को प्रभावित करती हैं, आयोग के सदस्य के समक्ष रखी गईं, जिनके उचित समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्री रोहित गुप्ता के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेवी एवं अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।

Check Also

शिक्षा क्रांति के तहत बढ़िया सरकारी स्कूल होने से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी: विधायक डॉ अजय गुप्ता

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 7 फरवरी 2026: केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता …