29 गिरफ्तार, 7.014 किलो हेरोइन, 4.2 किलो अफीम और पिस्तौल बरामद

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 12 सितंबर 2026 : कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज मकबूलपुरा के ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्र में बड़े स्तर पर घेराबंदी एवं सर्च ऑपरेशन (सीएएसओ) चलाया गया। यह कार्रवाई एडीजीपी/एसएपी एम.एफ. फारूकी, आईपीएस और पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल, आईपीएस की निगरानी में सब-डिवीजन ईस्ट के थाना मकबूलपुरा क्षेत्र में की गई।
मकबूलपुरा क्षेत्र में कुल 18 गलियां हैं। पुलिस की ओर से पहले की गई लगातार कार्रवाई के दौरान 3-4 गलियों को प्रभावी ढंग से नशे की गतिविधियों से मुक्त करवाया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में नशे से जुड़े मामले दर्ज करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शामिल रही है। नशे की लत से प्रभावित पाए गए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए नशा छुड़ाने वाले केंद्रों तथा ओ.ओ.ए.टी. केंद्रों में भी भेजा गया है। मौजूदा अभियान का उद्देश्य मकबूलपुरा की बाकी गलियों को कवर करना, नशे से संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाना और क्षेत्र को नशामुक्त बनाना है। इसके साथ ही सार्वजनिक सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। ऑपरेशन के लिए 14 पुलिस पार्टियों का गठन किया गया है। इनमें वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 1 डीसीपी, 2 एडीसीपी, 2 एसीपी और 220 पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मकबूलपुरा में घेराबंदी एवं सर्च अभियान आज सुबह 7 बजे शुरू किया गया और समाचार लिखे जाने तक जारी था। अभियान के दौरान पुलिस की ओर से अब तक बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 मामले दर्ज किए गए हैं और 29 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अब तक 7.014 किलो हेरोइन, 4.200 किलो अफीम, .30 बोर की एक पिस्तौल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियों और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन के दौरान नशे पर निर्भर पाए गए व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उचित उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास के लिए नशा छुड़ाने वाले केंद्रों तथा ओ.ओ.ए.टी. केंद्रों में भेजा और दाखिल करवाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे लोगों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने, उनका उपचार करवाने और उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोडऩे में मदद करना है।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र