शहीद एएसआई हरजीत सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अस्पताल में मौत


कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 19 सितंबर 2026: अमृतसर, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए एएसआई हरजीत सिंह (नंबर 1599/अमृतसर सिटी) की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की पहचान कर उसका पता लगा लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दीपक सिंह निवासी मूलेचक, अमृतसर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को दाना मंडी, थाना गेट हकीमा के क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एएसआई हरजीत सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना गेट हकीमा में एफआईआर नंबर 281, दिनांक 18 सितंबर 2026 दर्ज की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी इनपुट और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी दीपक सिंह की पहचान की और उसका पता लगाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए चलाए गए ऑपरेशन के दौरान उसने नाका प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस टीमों पर फायरिंग की।

पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस दौरान एक अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

हथियार और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल, दो मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक एक्टिवा स्कूटर बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, एक्टिवा का इस्तेमाल कथित तौर पर वारदात में किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार संदिग्ध की तलाश सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Check Also

24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस ट्रेस, साजिशकर्ता और रेकी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 19 सितंबर 2026: थाना इस्लामाबाद पुलिस ने कोट खालसा फाटक के …