
कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 30 सितंबर 2026: जिला अमृतसर में आगामी धान खरीद सीजन को सुचारू, पारदर्शी और निर्बाध ढंग से संपन्न करवाने के संबंध में माननीय डिप्टी कमिश्नर, अमृतसर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में आढ़ती एसोसिएशन, शैलर एसोसिएशन, जिला नियंत्रक, अमृतसर, जिला मंडी अधिकारी, अमृतसर तथा सभी खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान धान की खरीद, मंडियों में आवश्यक प्रबंध, फसल की समय पर खरीद एवं उठान, मंडियों में बुनियादी सुविधाएं, बारदाने की उपलब्धता, भंडारण तथा अन्य संबंधित व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा तथा निर्धारित नमी के मानदंडों के अनुरूप धान ही लेकर आएं, ताकि उनकी फसल की खरीद में किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके।
माननीय डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए तथा मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही पूरी कर ली जाएं। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए सभी विभागों और संबंधित पक्षों के बीच आपसी तालमेल एवं निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के लिए पीने के पानी, सफाई, बिजली, छाया तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और खरीदे गए धान के उठान में किसी भी प्रकार की देरी न होने दी जाए।
जिला प्रशासन की ओर से किसानों को भरोसा दिलाया गया कि धान की खरीद के लिए मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और सरकार द्वारा जारी निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद प्रक्रिया को सुचारू ढंग से संपन्न करवाया जाएगा। किसानों की सुविधा तथा फसल की समय पर खरीद को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र