विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने भगतांवाला दाना मंडी में धान खरीद का लिया जायजा

किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में किए गए हैं पुख्ता प्रबंध: डॉ. निज्जर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 2 अक्टूबर 2026 : विधानसभा हलका अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने आज भगतांवाला दाना मंडी, अमृतसर में धान की खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पंजाब मंडी बोर्ड तथा विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
किसानों से बातचीत करते हुए डॉ. निज्जर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा धान की निर्बाध एवं सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए राज्य की मंडियों में आवश्यक एवं पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना निर्धारित सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा और फसल की अदायगी समय पर सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की खरीद, तुलाई तथा लिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और सभी कार्य आपसी तालमेल के साथ सुचारू ढंग से संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचते समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
डॉ. निज्जर ने बताया कि मंडियों में फसल की अनलोडिंग, सफाई एवं पैकिंग आदि का कार्य करने वाले मजदूरों के लिए स्वच्छ पेयजल तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के उचित प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा किसानों के लिए भी मंडियों में पीने के पानी, साफ-सफाई, बैठने तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पहले 9 खरीद सीजन सफलतापूर्वक संपन्न किए जा चुके हैं और मौजूदा दसवें खरीद सीजन के दौरान भी किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का पूरा भाव दिया जाएगा तथा खरीदी गई फसल की अदायगी 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. निज्जर ने कहा कि पंजाब की कृषि अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है और सरकार द्वारा उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने के लिए खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्रीमती पल्लवी मिश्रा, श्री बलजीत सिंह रिंकू, चेयरमैन, मंडी बोर्ड, श्री अमनदीप सिंह छीना, प्रधान, आढ़ती एसोसिएशन, श्री हरपाल सिंह खालसा, श्री गुरजंट सिंह चिंटू, श्री बलबीर सिंह कपूर, श्री नवनीत शर्मा, श्री नरेंद्र मरवाहा तथा श्री मनीष तुल्ली, पंजाब प्रधान, पल्लेदार यूनियन भी उपस्थित थे।

Check Also

30,000 रुपये रिश्वत लेते हुए सब-डिविजनल इंजीनियर को विजिलेंस ब्यूरो ने किया काबू

कल्याण केसरी न्यूज़, चंडीगढ़, 6 अक्टूबर 2026: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के …