विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और कुलदीप सिंह धालीवाल ने युवाओं एवं खिलाड़ियों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर, 9 सितंबर 2026: पंजाब सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने 5 सितंबर को बठिंडा में इन खेलों का उद्घाटन किया था, जबकि खेलों का समापन समारोह 29 नवंबर को पटियाला में आयोजित किया जाएगा।
यह जानकारी विधानसभा क्षेत्र अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने आज जिला प्रशासन, खेल संस्थाओं और आम आदमी पार्टी के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटरों के साथ जिला प्रशासनिक परिसर में बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।
विधायक डॉ. निज्जर ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का पहला सीजन मान सरकार द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किया गया था। इन खेलों में पिछले वर्षों में पांच लाख तक खिलाड़ियों की भागीदारी रही है और इस वर्ष 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 9 आयु वर्गों में 38 खेलों, एक प्रदर्शनी खेल (टेनिस बॉल क्रिकेट) और 4 पैरा खेलों के मुकाबले ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर करवाए जा रहे हैं। लड़कों और लड़कियों के अलग-अलग मुकाबले होंगे। विजेता खिलाड़ियों को 12 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि के साथ-साथ ग्रेडेशन प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 9 आयु वर्गों में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21-30 वर्ष, 31-40 वर्ष, 41-50 वर्ष, 51-60 वर्ष, 61-70 वर्ष तथा 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं।
8 से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तर पर मुकाबले
डॉ. निज्जर ने बताया कि अमृतसर जिले सहित पूरे पंजाब में 8 सितंबर से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तर पर 7 खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
इन सात खेलों में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी (नेशनल स्टाइल), कबड्डी (सर्कल स्टाइल), फुटबॉल, वॉलीबॉल (स्मैशिंग) और वॉलीबॉल (शूटिंग) शामिल हैं।
20 से 30 सितंबर तक जिला स्तरीय मुकाबले
उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से 30 सितंबर तक जिला स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर ब्लॉक स्तर की 7 खेलों के विजेताओं के अलावा 21 अन्य खेलों के मुकाबले सीधे जिला स्तर पर करवाए जाएंगे। इस प्रकार जिला स्तर पर कुल 28 खेलों के मुकाबले होंगे।
इन 21 अतिरिक्त खेलों में हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, गतका, किक बॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावरलिफ्टिंग, लॉन टेनिस, रेसलिंग, स्विमिंग, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, शतरंज, शूटिंग, फेंसिंग, रोलर स्केटिंग और आर्चरी शामिल हैं।
10 अक्टूबर से 23 नवंबर तक राज्य स्तरीय मुकाबले
विधायक डॉ. निज्जर ने बताया कि 10 अक्टूबर से 23 नवंबर तक राज्य स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तर पर जिला स्तर की 28 खेलों के विजेताओं के अलावा 10 अन्य खेलों को सीधे राज्य स्तर पर शामिल किया गया है। इस प्रकार राज्य स्तर पर कुल 38 खेलों के मुकाबले होंगे।
इन 10 खेलों में जिम्नास्टिक, रोइंग, कयाकिंग-कैनोइंग, वुशू, रग्बी, साइकिलिंग, घुड़सवारी, ताइक्वांडो, बेसबॉल और कराटे शामिल हैं।
25 से 28 नवंबर तक पैरा खेलों के मुकाबले
उन्होंने बताया कि 25 से 28 नवंबर तक चार पैरा खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा बैडमिंटन, व्हीलचेयर बास्केटबॉल और पैरा एथलेटिक्स शामिल हैं।
युवाओं एवं खिलाड़ियों से अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील
विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने युवाओं और खिलाड़ियों से अपील की कि वे इन खेल मुकाबलों के लिए अपना नाम रजिस्टर करवाकर अधिक से अधिक संख्या में विभिन्न खेलों में भाग लें। उन्होंने कहा कि विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कारों के साथ प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे तथा पंजाब सरकार की नीति के तहत इन खेलों के विजेता खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स कोटा भी आरक्षित होगा।
इससे पहले जिला स्तरीय बैठक में विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और डिप्टी कमिश्नर स. दलविंदरजीत सिंह ने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों का इन खेलों के लिए रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने खेल संस्थाओं तथा आम आदमी पार्टी के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटरों से भी अपील की कि वे इन खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक युवाओं को भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
बैठक के दौरान एस.डी.एम. अमृतसर-2 स. गुरमंदर सिंह, एस.डी.एम. अजनाला श्रीमती चारुमिता, एस.डी.एम. मजीठा श्री रजनीश अरोड़ा, जिला खेल अधिकारी श्री गुरप्रीत सिंह के अलावा विभिन्न खेल संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा आम आदमी पार्टी के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर भी उपस्थित थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र