सौतेली मां जैसा व्यवहार करके केंद्र सरकार पंजाब को सीमा एवं औद्योगिक विकास पैकेज देने से भाग रही है: धालीवाल
धालीवाल ने करीब 7.54 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के रखे नींव पत्थर

कल्याण केसरी न्यूज़, अमृतसर/अजनाला, 9 सितंबर 2026: आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री पंजाब स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने विधानसभा क्षेत्र अजनाला में निरंतर चारों तरफ विकास क्रांति के परचम को और ऊंचा लहराते हुए आज अपनी कर्मभूमि अजनाला में 7 करोड़ 53 लाख 49 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के नींव पत्थर रखे।
इनमें नवनिर्माणाधीन काहना गौशाला अजनाला के नजदीक नखासु नाले पर पुल, अजनाला-चोगावां मार्ग पर पड़ते वंझांवाला में सक्की नाला पुल तथा गांव कोटला काजीआं में लिंक सड़क आदि विकास कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों का नींव पत्थर रखने की रस्म संक्षिप्त एवं प्रभावशाली समारोहों के दौरान तालियों और जिंदाबाद के नारों की गूंज के बीच अदा की गई।
इस अवसर पर स. धालीवाल ने जनसंवाद करते हुए पंजाबवासियों से सर्वजन के भले और रंगले पंजाब के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान की सरकार के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा सौतेली मां जैसा व्यवहार करते हुए कथित राजनीतिक बदले की भावना के तहत पंजाब सरकार के जायज फंड रोकने तथा सीमावर्ती पंजाब राज्य को सीमावर्ती बहुआयामी विकास एवं औद्योगिक विकास के लिए विशेष आर्थिक पैकेज देने से साफ इनकार करने के बावजूद मान सरकार ने अपने आर्थिक संसाधनों से स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, रोजगार, चीनी, चाय पत्ती, नमक-तेल तथा जातीय श्रेणी के आधार पर महिलाओं के खातों में तीन-तीन हजार और साढ़े चार-साढ़े चार हजार रुपये आदि जनहितैषी सुविधाओं के खुले लाभ देकर पंजाबवासियों को लाभान्वित किया है। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण चारों तरफ विकास के सपने को साकार किया है। इसके परिणामस्वरूप लोगों का मान सरकार में विश्वास चट्टान की तरह मजबूत हुआ है।
उन्होंने पूर्व सरकारों की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व सरकारों की कथित राजनीतिक जोंकों ने अपनी जनविरोधी नीतियों से पंजाब के सरकारी और गैर-सरकारी खजाने को खून की तरह चूसकर पंजाब की पूरी अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया।
उन्होंने कहा कि अब फिर पंजाब विधानसभा चुनाव सिर पर होने के कारण सरकारी एवं गैर-सरकारी खजाने को लूटने की ताक में पंजाब की सत्ता हासिल करने के लिए तड़प रही ये ताकतें तरह-तरह की तिकड़मबाजियां कर नाटक कर रही हैं और पंजाब सरकार के खिलाफ बेबुनियाद प्रचार करने के लिए कांव-कांव पर उतरी हुई हैं, जिसे सर्वजन के भले के लिए पंजाबवासी कोई तवज्जो नहीं दे रहे।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों की कथित राजनीतिक जोंकों के मुंगेरी लाल के सपने पंजाबवासी साकार नहीं करेंगे। चुनाव मैदान में राजनीतिक जोंकों की पार्टियों का बोरिया-बिस्तर गोल करके पंजाब में भगवंत सिंह मान की सरकार को दोबारा सत्ता की बागडोर सौंपेंगे। इसके लिए पंजाब हितैषी मतदाताओं एवं जनहितैषी सेवकों ने स्वेच्छा से बूथ स्तर पर मान सरकार को विजयी बनाने के लिए अभी से कमर कस ली है।
इस अवसर पर खुशपाल सिंह धालीवाल, पी.ए. मुख्तार सिंह बलड़वाल, नगर पंचायत प्रधान भट्टी जसपाल सिंह ढिल्लों, शहरी प्रधान एवं चेयरमैन अमित औल, पूर्व पार्षद बब्बू महाजन, अजय शर्मा, अजीत शाह, सरपंच रघबीर सिंह, अमर सिंह विक्की वंझावाला एवं महाजन सहित दर्जनों गणमान्य व्यक्ति और पार्टी नेता मौजूद थे।

Kalyan Kesari हिन्दी समाचार पत्र